बजट पास होते ही योगी सरकार किसानों के घर पहुंचाएगी खुशखबरी

नई दिल्ली: योगी सरकार 100 दिन पूरे होने से पहले किसानों की कर्जमाफी के फॉर्मूले पर फैसला कर लेना चाहती है. इसी हफ्ते कैबिनेट की मीटिंग में इस पर मुहर लग जाएगी. ABP न्यूज़ को पता चला है कि यूपी का बजट पास होते ही किसानों के घर खुशखबरी पहुंचने लगेगी.
यूपी में किसानों के कर्ज माफ़ करने का फैसला तो ढाई महीने पहले हो गया था. इसका फॉर्मूला क्या होगा और किसानों तक इसका फायदा कैसे पहुंचे अब तक तय नहीं हो पाया था. जानकारी के मुताबिक कर्जमाफी के फैसले को लागू कराने के लिए योगी सरकार ने एक फार्मूला तैयार कर लिया है.
इसके लिए एक ऑनलाईन वेब पोर्टल तैयार हो रहा है. बैंक इस पोर्टल पर लघु और सीमान्त किसानों की लिस्ट पोस्ट करेंगे. किस किसान ने किस बैंक से कितना कर्ज लिया, इसका पूरा ब्योरा इस पर होगा. सभी ज़िलों में डीएम की अगुवाई में एक कमेटी बनायी जा रही है. जो अपने अपने इलाकों में ये सारा काम काज देखेंगे.
पोर्टल किसानों के लिए ऑनलाईन एक प्रमाण पत्र बना देगा, जिसमें किसान ने कितना कर्ज लिया, कितना माफ़ हुआ और कितना बच गया, ये सारी जानकारी मौजूद होगी. योगी सरकार हर जिले में कैम्प लगा कर भी किसानों को ये सर्टिफिकेट देगी. इसी हफ्ते कैबिनेट की बैठक में इस फार्मूले को मंजूरी मिल सकती है.
योगी सरकार ने छियासी लाख किसानों का एक लाख तक का फसली कर्ज माफ़ किया है. इसके लिए छतीस हज़ार करोड़ रुपयों के इंतजाम में यूपी सरकार जुटी हुई है. इससे पहले खबर आयी थी कि सरकार कर्ज लेकर किसानों का कर्ज माफ करेगी.
Source: IOCL

























