मार्को रुबियो के भारत दौरे पर राहुल गांधी का तंज, कहा- 'मोदी जी, मैं समझा दूं...'
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो की इसी महीने भारत यात्रा प्रस्तावित है. इसे लेकर राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है."

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो की इसी महीने भारत यात्रा प्रस्तावित है. उनके मुंबई और गुजरात के जामनगर का दौरा करने को लेकर देश में चर्चा चल रही है. इसी बीच लोकसभा में नेता विपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सरकार पर तंज कसा है. उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मिस्टर रुबियो ने अपने कर्मचारी को मुंबई बुलाया है.
प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा, "मोदी जी, विदेश मंत्रालय में आपके अधिकारी इस बात को लेकर उलझन में हैं कि आखिर चल क्या रहा है. शायद आप ही उन्हें समझा दें. या फिर, अगर आप चाहें तो मैं भी समझा सकता हूं."
Mr Rubio has summoned his employee to Mumbai. Modi ji, your officials in the External Affairs Ministry are confused about what's going on. You might want to explain. Unless, of course, you want me to.
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) October 16, 2026
कांग्रेस ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के प्रस्तावित मुंबई दौरे को लेकर सवाल किए हैं. विपक्षी पार्टी ने सवाल किया है कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर की अमेरिकी विदेश मंत्री से संभावित मुलाकात पर विदेश मंत्रालय अबतक चुप क्यों है.
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत में अमेरिकी राजदूत द्वारा मार्को रुबियो की आगामी मुंबई यात्रा के बारे में और विवरण दिया जाना कोई आश्चर्य की बात नहीं है. उन्होंने कहा कि यह जानकारी भी पूरी तरह अप्रत्याशित नहीं है कि रुबियो मुंबई में भारत सरकार के अधिकारियों से मुलाकात करेंगे.
जयराम रमेश ने पूछा सवाल
जयराम रमेश ने कहा, ‘‘अमेरिकी राजदूत का यह कहना काफी असाधारण है कि डॉ. जयशंकर के भी अन्य लोगों के साथ वहां हमारे साथ शामिल होने की उम्मीद है.’’ उन्होंने सवाल किया कि भारत के विदेश मंत्री की देश के भीतर होने वाली बैठकों की घोषणा विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता के बजाय किसी अन्य पक्ष द्वारा कब से की जाने लगी?
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए दावा किया कि भारत को 10 मई, 2025 की शाम रुबियो से ही पहली बार पता चला था कि ऑपरेशन सिंदूर रोक दिया गया है. उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए सवाल किया, ‘‘मुंबई में रुबियो के साथ विदेश मंत्री की मुलाकात को लेकर विदेश मंत्रालय चुप क्यों है?’’
ये भी पढ़ें
अब SSR: EC ने मानी राहुल गांधी की बात? बदल दिए नियम, कांग्रेस बोली- 'इससे गुनाह...'






















