जूते के बॉक्स पर बना हुआ था तिरंगा, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर

जयपुर: राजस्थान के कोटा शहर के सिटी मॉल की एक दुकान में जूते के बॉक्स पर तिरंगा बने होने की शिकायत सामने आई है. शिकायत करने वाला शख्स उस वक्त हैरान रह गया जब उसने दुकान में जूते के बॉक्स पर तिरंगा बना हुआ देखा.
इस मामले की शिकायत विज्ञान नगर थाने में की गई है और पुलिस ने नेशनल ऑनर एक्ट 1971 के तहत मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस के मुताबिक क्रांति तिवारी नाम के शख्स ने रविवार को इस बात की शिकायक दर्ज करवाई थी. क्रांति ने पुलिस को बताया था कि वह सिटी मॉल के शॉप नंबर 24 में गया जहां उसने जूते के बॉक्स पर तिरंगा बना हुआ पाया.
इस शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच करने सिटी मॉल स्थित इस दुकान में पहुंची. पुलिस ने इस दुकान में तिरंगा बने हुए बॉक्स बरामद किए और दुकान के मालिक के खिलाफ नैशनल ऑनर ऐक्ट, 1971 के प्रीवेन्शन ऑफ इंसल्ट की धारा 2 के तहत केस दर्ज कर लिया है. पुलिस ने यह भी बताया कि दोषी पाए जाने पर इस धारा के तहत 1 साल की जेल की सजा हो सकती है.
पुलिस ने दुकान के मालिक के बारे में जानकारी देते हुए बताया है कि उसका नाम महेश है और उसने दिल्ली से चीन के बने हुए यह जूते खरीदें हैं. पुलिस का कहना है कि इन जूतों को सप्लाई करने वाले के नंबर भी ले लिए गए हैं और उनके खिलाफ भी जांच की जाएगी.
Source: IOCL
























