राजस्थान: आरएलपी अध्यक्ष हनुमान बेनीवाल कोरोना से संक्रमित, ट्वीट कर दी जानकारी
हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा कि जो लोग पिछले 10 दिनों में उनके नजदीकी संपर्क में आए हैं वो टेस्ट करवा लें और क्वॉरन्टीन में चले जाएं.

जयपुर: राजस्थान में बीजेपी की सहयोगी पार्टी राष्ट्रीय लोकत्रांतिक पार्टी (आरएलपी) के अध्यक्ष और सांसद हनुमान बेनीवाल कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. इस बात की जानकारी उन्होंने खुद ट्वीट करते हुए दी. उन्होंने बताया कि उनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है जबकि उनकी पत्नी की रिपोर्ट निगेटिव आई है. उन्होंने पिछले 10 दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों से अपील की है कि वे कोरोना का टेस्ट करा लें.
मेरे निकट संपर्क वाले क्वॉरन्टीन में चले जाएं- बेनीवाल
हनुमान बेनीवाल ने ट्वीट करते हुए कहा, “COVID- 19 के लक्षण महसूस होने के कारण नागौर में टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है और मेरी पत्नी कनिका की रिपोर्ट नेगेटिव आई है. मेरी अपील है कि पिछले 10 दिनों में जो भी मेरे संपर्क में आए हैं वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें और मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाए.
#COVID19 के लक्षण महसूस होने के कारण नागौर में टेस्ट के बाद मेरी रिपोर्ट पॉज़िटिव आई है तथा मेरी पत्नी कनिका की रिपोर्ट नेगेटिव आई है,मेरी अपील है कि पिछले 10 दिनों में जो भी मेरे संपर्क में आए हैं,वह अपना कोरोना टेस्ट करवा लें तथा मेरे निकट संपर्क वाले लोग क्वारन्टीन में चले जाए
— HANUMAN BENIWAL (@hanumanbeniwal) July 26, 2020
इसके साथ ही उन्होंने कहा, “ईश्वर की कृपा से तथा आप सभी की दुआ और चिकित्सकों के निर्देशन में ईलाज लेकर जल्द स्वस्थ होकर आपके मध्य जन सेवा हेतु पुनः उपस्थित हो जाऊंगा!’’
आरएलपी अध्यक्ष नागौर से सांसद हैं. यहां बीजेपी ने बेनीवाल का सहयोग किया था और वे जीतने में कामयाब हुए थे. राजस्थान विधानसभा में इनकी पार्टी के तीन विधायक भी हैं.
वसुंधरा राजे पर निशाना साध चर्चा में रहे बेनीवाल
राजस्थान में जारी सियासी उठापटक के बीच कुछ दिनों पहले बेनीवाल ने बीजेपी की सीनियर नेता और राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पर ही निशाना साध दिया था. बीजेपी के साथ गठबंधन के बावजूद उनके इस कदम ने सभी को चौंका दिया. उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा था कि वसुंधरा राजे राजस्थान में अशोक गहलोत का साथ दे रही हैं.
इतना ही नहीं उन्होंने ये भी दावा किया था कि पूर्व मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के कई विधायकों को फोन किए और अशोक गहलोत का साथ देने के लिए कहा. उन्होंने दावा किया था कि इस बात के उनके पास सबूत भी हैं.
राजस्थान: CM गहलोत बोले- उम्मीद करते हैं राज्यपाल जल्द विधानसभा सत्र बुलाने का आदेश देंगे




















