पीएम मोदी राजनीतिक फायदे के लिए कर रहे हैं सेना का इस्तेमाल: कांग्रेस

नई दिल्ली: कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया कि वह राजनीतिक लाभ के लिए जवानों का इस्तेमाल कर रहे हैं. लेकिन उनकी जरूरतों की तरफ से आंखें मूंदे हुए हैं. पार्टी ने जवान रॉय मैथ्यू की रहस्यमय मृत्यु की जांच की मांग की.
बीएसएफ जवान तेजबहादुर यादव के वीडियो को लेकर केंद्र सरकार पर हमला
बीएसएफ के जवान तेजबहादुर यादव के नये वीडियो की तरफ इशारा करते हुए कांग्रेस प्रवक्ता जयवीर शेरगिल ने कहा कि जवानों को घटिया खाना मिलने की सरकारी जांच के आदेश में यह सरकार की विफलता को दर्शाता है. यादव ने व्यवस्था से भ्रष्टाचार हटाने के प्रधानमंत्री के प्रयास पर सवाल उठाए थे. सेना में सहायक व्यवस्था पर उंगली उठाने वाला वीडियो प्रसारित करने के बाद सेना का जवान मैथ्यू मृत पाया गया था.
सेना का इस्तेमाल राजनीतिक लाभ के लिए हो रहा है: कांग्रेस जयवीर शेरगिल ने कहा, ‘‘हम मांग करते हैं कि सरकार निष्पक्ष जांच कराए कि क्यों तेज बहादुर और रॉय मैथ्यू का उत्पीड़न किया गया और चिंताओं को जाहिर करने के बाद उन्हें क्यों धमकी दी गई. हम सरकार से रॉय मैथ्यू की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग करते हैं.’’ उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सेना के किसी भी तरीके से राजनीतिकरण पर कड़ी आपत्ति जताती है. दुखद बात है कि आज की सरकार सेना का इस्तेमाल केवल राजनीतिक लाभ के लिए कर रही है और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं कर रही है.’’
वीडियो का जिक्र करते हुए शेरगिल ने कहा कि जवानों की चिंताओं के समाधान के प्रति यह सरकार की विफलता को दर्शाता है.






















