पाकिस्तान: सरकार विरोधी रैली की विपक्ष ने बनाई योजना, इमरान खान ने की आलोचना
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने पीडीएम की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन संवेदनहीन तरीके से लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है.

पेशावर: पाकिस्तान में 11 विपक्षी दलों का नवगठित गठबंधन पाकिस्तान डेमोक्रेटिक मूवमेंट (पीडीएम) रविवार को पेशावर में सरकार विरोधी रैली आयोजित करने की योजना बना रहा था जबकि शहर प्रशासन ने देश में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के मद्देनजर इसकी अनुमति नहीं दी है. वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने विपक्ष की आलोचना की है.
जानकारी के मुताबिक रैली को पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (पीएमएल-एन) की उपाध्यक्ष मरियम नवाज, जमीयत उलेमा इस्लाम-फाजी (जेयूआई-एफ) और पीडीएम के प्रमुख मौलाना फजलुर रहमान और पाकिस्तान पीपल्स पार्टी (पीपीपी) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी समेत गठबंधन के अन्य नेता संबोधित करने वाले थे.
खबर के मुताबिक पीडीएम की पिछली रैली को लंदन से वीडियो लिंक से संबोधित कर चुके पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पीएमएल-एन अध्यक्ष नवाज शरीफ किडनी संबंधी समस्या की वजह से पेशावर की रैली को संबोधित नहीं कर सकेंगे. उनकी बेटी मरियम ने शनिवार को एक ट्वीट के जवाब में खबर की पुष्टि की.
इमरान खान ने की आलोचना
वहीं पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने रविवार को पीडीएम की आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन संवेदनहीन तरीके से लोगों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ कर रहा है. खान की पार्टी तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) ने एक संक्षिप्त बयान में कहा था कि कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने भयावह शक्ल अख्तियार की है.
इसमें कहा गया था कि हमें पहले लोगों की जिंदगियां बचानी हैं. इसलिए विपक्षी दलों को लोगों की जान की कीमत पर रैली नहीं करने दी जा सकती. सरकार के फैसले के जवाब में पीपीपी की केंद्रीय सूचना सचिव नफीसा शाह ने कहा कि पीडीएम की रैली 22 नवंबर को तय कार्यक्रम के मुताबिक होगी.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान के स्वात में 1300 साल प्राचीन हिंदू मंदिर का चला पता, हिंदू शाही काल में निर्माण होने की बात






















