गायिका हर्षिता की हत्या से कुछ घंटे पहले का वीडियो, किसानों का किया था समर्थन
हरियाणा के पानीपत जिले में बेखौफ बदमाशों ने मशहूर हरियाणवी लोकगायिका और डांसर हर्षिता दहिया को गोलियों से छलनी कर दिया. हमला उस वक्त हुआ जब वो एक कार्यक्रम से वापस लौट रही थीं.

नई दिल्ली: हरियाणा के पानीपत में लोकगायिका और डांसर हर्षिता दहिया की अज्ञात बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी. हमला उस वक्त हुआ जब वो इसराना विधानसभा के गांव चमराडा से एक किसान पंचायत से वापस लौट रही थीं.
हर्षिता की हत्या से कुछ घंटे पहले का एक वीडियो सामने आया है. ये वीडियो उसी किसान रैली का है जिसमें हर्षिता शामिल हुईं थी. इस वीडियो में हर्षिता बीजेपी सांसद राजकुमार सैनी की ओर से छब्बीस तारीख को होने वाले रैली का विरोध करती दिख रही हैं.
आखिरी वीडियो में क्या कहा हर्षिता ने ? अपने आखिरी वीडियो में हर्षिता ने कहा, ''किसान आज संकट में है, सुसाइड कर रहे हैं. किसान खेती छोड़ दें तो हम क्या खाएंगे. जवान बॉर्डर छोड़ देगा तो हम मर जाएंगे. इसलिए जय जवान जय किसान को आगे बढ़ाओ.''
हर्षिता ने आगे कहा, " आज किसान पाई-पाई को तरस रहे हैं, इसलिए किसानों का साथ दो. पहले 36 बिरादरी थी, आज भी 36 बिरादरी है. राजकुमार सैनी आपस में सबको बांटना चाहते हैं. किसान और कलाकार की कोई जाति नहीं होती है. इंसानियत सबसे पहले है, इसलिए यहां आई हूं. सैनी की रैली को असफल बनाओ, जो समाज को बिगाड़ रहा है.'' हर्षिता ने कहा, "भाई एकजुट हो जाओ. यहां कोई डांस का शो नहीं चल रहा है. सबको राम राम....''
यह पंचायत क्रांतिकारी स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन के संयोजक संदीप भारती की ओर से आयोजित की गई थी. वह सांसद राजकुमार सैनी के खिलाफ गांव-गांव पंचायत कर रहे हैं और सैनी की 26 नवंबर को होने वाली रैली को असफल करने की अपील कर रहे हैं.
यहां सुनें हर्षिता ने अपने आखिरी वीडियो में क्या कहा ?
Source: IOCL

























