जम्मू में कोरोना के पॉजिटिव केस 1100 के पार, एक पुलिस पोस्ट के करीब 30 पुलिसकर्मी क्वॉरन्टीन किए गए
ये पुलिस पोस्ट जम्मू के बक्शी नगर थाने के अंतर्गत आता है. इस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर करण चलोत्रा समेत करीब 30 पुलिसकर्मियों को क्वॉरन्टीन किया गया.

जम्मू: शुक्रवार को जम्मू से 93 नए मामलों के साथ कोरोना से संक्रमित मामलो का आंकड़ा 1100 से पार हो गया है. वहीं, जम्मू के बक्शी नगर थाने और इसके अंतर्गत पड़ने वाले एक पुलिस पोस्ट से इंस्पेक्टर समेत करीब 30 पुलिसकर्मियों को क्वॉरन्टीन किया गया है.
जम्मू का बक्शी नगर पुलिस स्टेशन शुक्रवार को उस समय सुर्खियों में आया जब इस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर करण चलोत्रा समेत इस थाने और इस थाने के अंतर्गत पड़ने वाली एक पुलिस पोस्ट से करीब 30 पुलिसकर्मियों को क्वॉरन्टीन करना पड़ा.
दरअसल, बक्शी नगर पुलिस स्टेशन के थाना क्षेत्र में जम्मू के तीन कोविड-19 अस्पताल आते हैं, जिनमें जम्मू का राजकीय मेडिकल कॉलेज, चेस्ट डिज़ीज़ हॉस्पिटल और साइकियाट्रिक अस्पताल शामिल हैं.
इस थाने पर प्रदेश में लॉकडाउन की सख्ती से लागू करने के साथ-साथ इन अस्पतालों में कोरोना संक्रमित मरीज़ों को पहुंचाने की ज़िम्मेदारी भी थी जिसे निभाते हुए इस थाने के अंतर्गत पड़ने वाली एक पुलिस पोस्ट में तैनात एक सब-इंस्पेक्टर को कोरोना संक्रमित पाया गया.
पुलिस विभाग के एक अफसर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जम्मू पुलिस ने उस पुलिस पोस्ट को तुरंत बंद कर दिया जबकि बक्शी नगर थाने के प्रभारी समेत 30 अन्य पुलिसकर्मियों को क्वॉरन्टीन कर दिया.
जम्मू पुलिस के मुताबिक बक्शी नगर पुलिस स्टेशन ने कोरोना काल के दौरान न केवल करीब 250 कोरोना संक्रमित मरीज़ो को कोविड अस्पतालों तक पहुंचाया बल्कि अपने थाना क्षेत्र में पड़ने वाले तीन ऐसे अस्पतालों में जिन लोगों की भी कोरोना के चलते मौत हुई, उनके अंतिम संस्कार में भी अहम भूमिका निभाई. इसके साथ ही इस थाना क्षेत्र में करीब आधा दर्जन इलाकों को रेड जोन भी घोषित किया गया था.
जम्मू-कश्मीरः पाकिस्तान ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, बारामूला में हुई फायरिंग में एक महिला की मौत
Source: IOCL
























