राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की
राजस्थान में जीते अध्यक्ष उम्मीदवार ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के राजपाल चौधरी को 1860 मतों के अंतर से पराजित किया.

जयपुर: राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनावों में ज्यादातर पदों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है. इन चुनावों के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए और चार में तीन पदों पर निर्दलीय उम्मीदवार विजेता रहे हैं.
राजस्थान विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में अध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार विनोद जाखड़ को विजेता घाोषित किया गया. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एबीवीपी के राजपाल चौधरी को 1860 मतों के अंतर से पराजित किया.
एनएसयूआई से जुड़े रहे जाखड़ ने टिकट नहीं मिलने पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा था. लगातार दूसरे साल इस पद पर किसी निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है. पिछले साल एबीवीपी से बगावत कर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने वाले पवन यादव विजयी रहे थे.
छात्र संघ चुनाव में उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय रेणु चौधरी ने जीत दर्ज की. वहीं निर्दलीय उम्मीदवार आदित्य प्रताप सिंह महासचिव चुने गए हैं. संयुक्त सचिव पद पर एबीवीपी की उम्मीदवार मीनल शर्मा विजेता घोषित की गयी.
चुनाव परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए. राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव भी होने हैं.
Source: IOCL























