गुजरात: पीएम मोदी का मुखौटा लगाकर लोक गायक पर उड़ाए 100-500 के नोट
एक अन्य कार्यक्रम में गुजरात के वडोदरा में लोकगायिका गीता रबारी पर नोटों की बारिश की गई. जिस जगह ये कार्यक्रम हुआ वहां प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष जीतू भवानी भी मौजूद थे.

नई दिल्ली: गुजरात में लोकगायकों पर नोट लुटाना कोई नई बात नहीं है लेकिन अहमदाबाद के निकोल में इलाके में कल शाम कुछ युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुखौटा लगाकर नोट लुटाने पहुंचे. यंगिस्तान फाउंडेशन नाम की संस्था ने बच्चों की पढाई के लिए फंड जुटाने के लिए कार्यक्रम करवाया था. मंच पर लोकगायक बृजराज गढ़वी हनुमान चालीसा गा रहे थे और भक्त नोट लुटा रहे थे.
इसी दौरान स्टेज के पीछे से एक-एक कर तीन लोग मंच के पास आए, इन सभी ने प्रधानमंत्री मोदी का मुखौटा लगाया हुआ था. तीनों युवक नोटों की गड्डी निकालकर लोकगायक पर लुटाने लगे. पैसे लुटाने वाले शख्स के हाथ के पैसे जब खत्म हो गए तो उसने जेब से एक गड्डी निकाली और लुटाने लगा. इसके बाद तीनों लड़के स्टेज से वापस चले गए लेकिन थोड़ी देर बाद दो लड़के फिर वापस आए और नोट लुटाने लगे.
नोट लुटाने वाले कौन थे? जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में किसी के आने की मनाही नहीं थी. इस तरह के कार्यक्रम में आयोजन कराने वाली संस्था लोगों को आमंत्रित करती है लेकिन यहां कोई भी आ सकता था. नोट लुटाने वाले लोग कौन थे ये आयोजकों को भी नहीं पता था.
दूसरे कार्यक्रम में BJP प्रदेशअध्यक्ष के सामने लुटाए गए नोट एक अन्य कार्यक्रम में गुजरात के वडोदरा में लोकगायिका गीता रबारी पर नोटों की बारिश की गई. जिस जगह ये कार्यक्रम हुआ वहां प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष जीतू भवानी भी मौजूद थे. जीतू भवानी ने कहा, ''गुजरात में धार्मिक और लोक साहित्य के कार्यक्रम में जो भी पैसे उड़ते हैं वो धर्म के काम में लगते हैं, कोई घर पर नहीं ले जाता. ऐसे काम कई समाजसेवी संस्थाएं करवाती हैं.''
कार्यक्रम में क्यों लुटाए जाते हैं नोट? सामाजिक कामों के लिए धन जुटाने के उद्देश्य से चैरिटेबल ट्रस्ट इस कार्यक्रम का आयोजन कराते हैं जिसे डायरा कहते हैं. गोशाला, मंदिर, गरीब बच्चों की पढ़ाई, सामूहिक विवाह जैसे भलाई के कामों में डायरा में उड़ाए गए दान को खर्च किया जाता है. गायक पर पैसे लुटाने का मतलब ये नहीं है कि सारे नोट गायक को मिल जाते हैं. गायक दान लेने का जरिया भर है उसे सिर्फ फीस मिलती है लुटाए गए पैसे में कोई हिस्सा नहीं मिलता.
Source: IOCL



























