Delhi News: दिल्ली सरकार का श्रमिकों को दिवाली तोहफा, बढ़ाया गया न्यूनतम वेतन
Delhi Workers Minimum Wages: दिल्ली सरकार ने श्रमिकों का महंगाई भत्ता बढ़ाने का आदेश जारी किया है. श्रमिकों को बढ़ी हुई दरों का लाभ एक अक्टूबर से मिलेगा.

Delhi Govt Increases Minimum Wages: दिल्ली सरकार (Delhi Govt) ने श्रमिकों (Workers) को दिवाली का तोहफा (Diwali Gift) दिया है. दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) ने बुधवार (12 अक्टूबर) को अकुशल (Unskilled Workers), अर्ध कुशल (Semi Skilled Workers) और अन्य श्रमिकों (Other Workers) का महंगाई भत्ता (Dearness Allowance) बढ़ाने का आदेश जारी किया. उपमुख्यमंत्री ने सभी श्रमिकों और कर्मचारियों के लिए बढ़ी हुई दर के साथ भुगतान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया.
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि गरीब और मजदूर वर्ग के हितों को ध्यान में रखते हुए बढ़ती महंगाई के बीच यह बड़ा कदम उठाया गया है. इसका लाभ लिपिक और सुपरवाइजर वर्ग के कर्मचारियों को भी मिलेगा.
मनीष सिसोदिया ने यह कहा
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि असंगठित क्षेत्र के ऐसे श्रमिकों के लिए महंगाई भत्ते पर रोक नहीं लगाई जा सकती है, जिन्हें सामान्यत: केवल न्यूनतम मजदूरी मिलती है, इसलिए दिल्ली सरकार ने महंगाई भत्ते जोड़कर नए न्यूनतम वेतन की घोषणा की है.
किसका कितना बढ़ा वेतन
महंगाई भत्ते के तहत अकुशल मजदूरों के मासिक वेतन को 16,506 रुपये से बढ़ाकर 16,792 रुपये, अर्ध कुशल श्रमिकों के मासिक वेतन को 18,187 रुपये से बढ़ाकर 18,499 रुपये और कुशल श्रमिकों के मासिक वेतन को 20,019 रुपये से बढ़ाकर 20,357 रुपये किया गया है. इसके अलावा सुपरवाइजर और लिपिक वर्ग के कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी की दर बढ़ाई गई है. इनमें गैर मैट्रिक कर्मचारियों का मासिक वेतन 18,187 रुपये से बढ़ाकर 18,499 रुपये, मैट्रिक लेकिन गैर स्नातक कर्मचारियों का मासिक वेतन 20,019 रुपये से बढ़ाकर 20,357 रुपये और स्नातक और इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले मजदूरों का मासिक वेतन 21,756 रुपये से बढ़ाकर 22,146 रुपये कर दिया गया है.
दिल्ली के श्रमिकों का सबसे ज्यादा वेतन
उपमुख्यमंत्री सिसोदिया ने कहा कि मजदूरों के हित को ध्यान रखते हुए उनका महंगाई भत्ता बढ़ाने का निर्णय लिया गया है. उन्होंने कहा कि पिछले दो साल में कोरोना के कारण समाज का हर वर्ग आर्थिक रूप से भी प्रभावित हुआ है. ऊपर से रोजमर्रा की उपभोग की वस्तुओं के लगातार बढ़ते दाम से लोगों की कमर टूट गई हैं. ऐसे में उम्मीद है कि इस बढ़ोतरी से मजदूर भाइयों को सहायता मिलेगी.
मनीष सिसोदिया ने इस दौरान दावा किया कि दिल्ली में मजदूरों को मिलने वाला न्यूनतम वेतन देश के अन्य किसी भी राज्य की तुलना में सबसे अधिक है. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार दिल्ली के सभी श्रमिकों को राहत देने के लिए हर छह महीने में लगातार महंगाई भत्ते को बढ़ाती है.
ये भी पढ़ें
रेलवे कर्मचारियों को बोनस, तेल कंपनियों को 22 हजार करोड़, मोदी कैबिनेट के फैसले की बड़ी बातें
























