आंध्र के तट से टकराया साइक्लोन मुरासु, लैंडफॉल, भारी बारिश के बीच चल रहीं तूफानी हवाएं
आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट पर चक्रवात मुरासु का लैंडफॉल मंगलवार रात शुरू हुआ. ओंगोल के पास कोठापटनम बीच पर भारी बारिश हो रही है. हवा की रफ्तार 100 से 110 किमी प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है.

चक्रवाती तूफान मुरासु का लैंडफॉल मंगलवार रात एक बजे दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में शुरू हो गया. तूफान के तट से टकराने के साथ ही समुद्र किनारे तेज हवाएं चल रही हैं और कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है. ओंगोल के पास कोठापटनम बीच पर बेहद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश जारी है. वहीं, विजयवाड़ा में सोमवार देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया है, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है.
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आंध्र प्रदेश के तट पर मुरासु चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया जारी है. चक्रवात के आगे वाले हिस्से में, 'वॉल क्लाउड' का बड़ा हिस्सा जमीन पर आ गया है और 'आई' (चक्रवात का केंद्र) तट में प्रवेश कर रही है. यह प्रक्रिया नेल्लोर और नरसापुर के बीच, ओंगोल के आसपास पूरी होने का अनुमान है.
Landfall process continues. In the forward sector of cyclone, major part of wall cloud entered into land and eye is entering the coast. https://t.co/tER5mvyiF8
— India Meteorological Department (@Indiametdept) November 2, 2026
120 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
मौसम विभाग के मुताबिक, तटीय इलाकों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इनके झोंके 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है. सुबह तक हवा की रफ्तार इसी स्तर पर बनी रह सकती है.
विजयवाड़ा की सड़कों पर भरा पानी
चक्रवात के असर से विजयवाड़ा के कई इलाकों में सोमवार देर रात से लगातार बारिश हो रही है. मंगलवार तड़के तक जारी मूसलाधार बारिश से शहर की प्रमुख सड़कों पर जलभराव हो गया. बंदर रोड और पॉलीक्लिनिक रोड के साथ ही वन टाउन के कई हिस्सों में पानी भरने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों तथा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
#WATCH | Ongole, Andhra Pradesh: The landfall process of Cyclone Murasu has started along the South Andhra Pradesh coast. Heavy rainfall accompanied by extremely strong gale winds is lashing the Kothapatnam Beach area near Ongole, with strong winds witnessed along the coastline as the cyclone makes landfall.
— ANI (@ANI) November 3, 2026
समुद्र में उठ सकती हैं डेढ़ मीटर तक ऊंची लहरें
मौसम विभाग ने दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश के निचले इलाकों में समुद्र का पानी घुसने की आशंका भी जताई है. विभाग के अनुसार, समुद्र में सामान्य ज्वार के स्तर से करीब 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं. इससे तीन नवंबर की सुबह तक तटीय क्षेत्रों के निचले हिस्सों में पानी भरने का खतरा है.
इसका सबसे अधिक असर बापटला के साथ कृष्णा और प्रकाशम जिलों में देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में समुद्र का जलस्तर अधिकतम ऊंचाई तक पहुंचने के बाद धीरे-धीरे कम होने लगेगा. फिलहाल दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश में भारी बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है.
यह भी पढ़िएः विशाखापट्टनम: HPCL तेल रिफाइनरी में विस्फोट, उठी लपटें, घने धुएं की गिरफ्त में पूरा इलाका






















