कांग्रेस नेता शशि थरूर पर मानहानि का मुकदमा दर्ज, पीएम मोदी पर की थी विवादित टिप्पणी
शिकायतकर्ता ने बयान को 'असहनीय दुर्व्यवहार' और लाखों लोगों की आस्था का 'पूरी तरह अपमान' बताया है. मानहानि से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और धारा 500 के तहत यह शिकायत दायर की गई है. मामले पर शनिवार को सुनवाई हो सकती है.

नई दिल्लीः अपने बयानों के कारण अक्सर चर्चा में रहने वाले कांग्रेस के सासंद शशि थरूर एक बार विवादों में घिर गए हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बयानवाजी को लेकर शशि थरूर के खिलाफ दिल्ली की एक अदालत में मानहानि का मुकदमा दर्ज करवाया गया है. दिल्ली बीजेपी के नेता राजीव बब्बर ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है. मुकदमें में जिक्र किया गया है कि थरूर के बयान से उनकी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं.
शिकायत में कहा गया है, ''मैं भगवान शिव का भक्त हूं. आरोपी (शशि थरूर) ने करोड़ों शिव भक्तों की भावनाओं को नजरअंदाज करते हुए यह बयान दिया जो भारत और देश से बाहर सभी शिव भक्तों की भावनाओं को आहत करता है.''
पीएम मोदी को लेकर क्या कहा था थरूर ने
बता दें कि कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता शशि थरूर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर टिप्पणी की थी. अपनी टिप्पणी में उन्होंने कहा था, "मोदी शिवलिंग पर बैठे बिच्छू की तरह हैं. जिसे आप हाथ से हटा नहीं सकते और चप्पल से मार नहीं सकते."
शिकायत में बीजेपी नेता ने कहा है, ''मेरी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और आरोपी ने जानबूझ कर यह द्वेषपूर्ण काम किया जिसकी मंशा भगवान शिव के भक्तों की धार्मिक मान्यताओं का अपमान कर उनकी धार्मिक भावनाओं को आहत करना है.''वकील नीरज के जरिए दायर शिकायत में बयान को 'असहनीय दुर्व्यवहार' और लाखों लोगों की आस्था का 'पूरी तरह अपमान' बताया गया है. मानहानि से संबंधित भारतीय दंड संहिता की धारा 499 और धारा 500 के तहत यह शिकायत दायर की गई है. मामले पर शनिवार को सुनवाई हो सकती है.
थरूर के बयान पर कानून मंत्री ने बोला था हमला
वहीं कांग्रेस नेता के इस बयान पर केंद्रीय कानून मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि थरूर ने भगवान शिव का अनादर किया है. उन्होंने कहा, "एक हत्याकांड में आरोपी थरूर ने भगवान शिव का अनादर करने की कोशिश की है. खुद को शिवभक्त बताने वाले राहुल गांधी से मैं जवाब चाहता हूं. राहुल गांधी को सभी हिंदू से माफी मांगना चाहिए."
मेरे खिलाफ आपराधिक मानहानि के आरोप गंभीर नहीं: थरूर कांग्रेस नेता शशि थरूर ने बीजेपी द्वारा उनके खिलाफ दिल्ली की एक अदालत में दायर की गई आपराधिक मानहानि की शिकायत को ओछी करार दिया और आरोप लगाया कि यह अभिव्यक्ति की आजादी को दबाने सरीखा है.














