कोरोना वायरस: 100 दिनों तक अस्पताल में भर्ती रहे कांग्रेस नेता को पीएम मोदी ने किया फोन, अच्छे स्वास्थ्य की कामना की
कोरोना वायरस से संक्रमित रहे कांग्रेस नेता भरत सिंह सोलंकी से आज पीएम मोदी ने फोन किया और उनका हालचाल जाना.

नई दिल्ली: कोरोना वायरस से जून में संक्रमित हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री भरत सिंह सोलंकी को 101 दिन बाद बृहस्पतिवार को अस्पताल से छुट्टी दे गई. कांग्रेस नेता सोलंकी (66) ने छुट्टी मिलने के बाद यहां पत्रकारों से बात करते हुए निजी अस्पताल के कर्मियों को अच्छा उपचार प्रदान कर जान बचाने के लिए धन्यवाद दिया.
पीएम मोदी ने भी फोन कर सोलंकी का हाल जाना. उन्होंने ट्वीट किया, ''भरत सोलंकी से बात की और उनका हाल जाना. उन्होंने COVID-19 के खिलाफ 100 दिनों की लंबी लड़ाई के दौरान उल्लेखनीय साहस दिखाया है. मैं आने वाले समय में उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं.''
Spoke to @BharatSolankee Ji and enquired about his well-being. He has shown remarkable courage during his 100-day long battle against COVID-19. I wish him good health in the times to come.
— Narendra Modi (@narendramodi) October 1, 2020
गुजरात के आणंद जिले के बोरसाड निवासी सोलंकी को 22 जून को पहले वड़ोदरा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. स्थिति बिगड़ने पर उन्हें 30 जून को अहमदाबाद स्थित सीआईएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया. सोलंकी ने कहा कि मैं अति आत्मविश्वास में आ गया था कि मुझे कुछ नहीं होगा और बिना एहतियात बरते लोगों से मिलता रहा.
उन्होंने लोगों से अपील की कि कोरोना वायरस को हल्के में न ले और मास्क पहनें. उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती होने से बेहतर है कि मास्क लगाएं.
























