चिकित्सा राहत लेकर चीन रवाना हुआ IAF का विमान, वापसी में 120 नागरिकों को भी लेकर आएगा
Coronavirus: चीन में कोरोना वायरस से 2700 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं इससे 78,000 से अधिक लोग पीड़ित हैं.

नई दिल्ली: कोरोना वायरस संक्रमण से जूझ रहे चीन की मदद को भारत ने चिकित्सा उपकरणों और राहत सामग्री के साथ बुधवार को एक विमान रवाना किया है. भारतीय वायुसेना का यह विमान वापसी में गुरुवार 27 फरवरी की सुबह वुहान से 120 लोगों को अपने साथ लेकर आएगा जिसमें 5 छोटे बच्चे भी शामिल हैं. इसमें 80 भारतीय नागरिकों के अलावा कुछ पड़ोसी देशों के 40 नागरिक भी हैं.
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, 26 फरवरी 2020 को चीन के लिए मास्क, दस्ताने और अन्य आपातकालीन चिकित्सा उपकरण सहित लगभग 15 टन चिकित्सा सहायता की एक खेप भारतीय वायुसेना के विमान से भेजी गई है. यह सहायता सामग्री चीन की तरफ से मास्क और चिकित्सा उपकरण आपूर्ति के लिए किए गए अनुरोध के मद्देनजर भेजी गई है. महत्वपूर्ण है कि भारत का यह विमान बीते तीन दिनों से तैयार था और चीन की तरफ से जरूरी मंजूरी का इंतजार कर रहा था.

भारतीय वायुसेना की तरफ से जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक बुधवार दोपहर बाद सी-17 विमान ने करीब 15 टन सहायता समाग्री के साथ दिल्ली के पालम हवाई अड्डे से उड़ान भरी. यह विमान 27 फरवरी की सुबह वुहान से यात्रियों को लेकर वायुसेना के पालम एयरबेस पर लौट आएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 फरवरी, 2020 को चीन सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हुए राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने नाम खत लिखा था. इस पत्र में प्रधानमंत्री ने संकट की घड़ी में चीन को सहायता की पेशकश की थी.

विदेश मंत्रालय के मुताबिक चिकित्सा सामग्री की आपूर्ति से इस संक्रमण के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए प्रयासों में चीन को सहायता मिलेगी. गौरतलब है कि विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा सार्वजनिक स्वास्थ्य संगठन ने भी कोरोना वायरस संक्रमण को चिकित्सा आपातकाल घोषित किया है.
नेशनल टेक्निकल टेक्सटाइल मिशन को कैबिनेट की मंजूरी, 1480 करोड़ का बजट- स्मृति ईरानी
























