एटलस साइकिल कंपनी की मालकिन का शव घर में पंखे से लटका मिला, सुसाइड नोट बरामद
पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में नताशा कपूर का शव लटका मिला, उसका दरवाजा खुला हुआ था. पुलिस खुदकुशी के अलावा अलग-अलग एंगल से जांच कर रही है.

नई दिल्ली: मशहूर साइकिल कंपनी एटलस के को-प्रमोटर की पत्नी नताशा कपूर का शव संदिग्ध हालात में उनके आवास में पंखे से लटका मिला है. नई दिल्ली जिले के औरंगजेब लेन स्थित कोठी में यह घटना मंगलवार दोपहर बाद की है. घटनास्थल से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है.
पुलिस के मुताबिक, जिस कमरे में शव लटका मिला, उसका दरवाजा खुला हुआ था. पुलिस खुदकुशी के साथ अलग-अलग एंगल से भी मामले की जांच कर रही है. नई दिल्ली जिला पुलिस के मुताबिक, इस घटना की जांच तुलगल रोड थाना पुलिस कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, नताश कपूर (57) संयुक्त परिवार में औरंगजेब लेन वाली कोठी में रहती थीं. मंगलवार दोपहर के वक्त उन्होंने खाना नहीं खाया. इस पर उनके बेटे सिद्धार्थ कपूर ने मोबाइल कॉल किया. जबाब न मिलने पर परिवार वालों ने उन्हें कोठी में तलाशना शुरू किया. तलाशी के दौरान कोठी के ही एक कमरे में नताशा कपूर का शव पंखे से झूलता मिल गया.
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को प्राथमिक छानबीन में मौके से एक सुसाइड नोट मिला. परिजनों ने पुलिस को बताया कि बरामद सुसाइड नोट की हैंड-राइटिंग नताशा कपूर की ही है. सुसाइड नोट के मुताबिक नताशा कपूर ने आत्महत्या की है.
नई दिल्ली जिला पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि पहली नजर में मौके से बरामद सुसाइड नोट से मामला भले ही आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन कमरे का दरवाजा खुला मिलना भी सवाल खड़े करता है. अधिकांश मामलों में जब कोई शख्स आत्महत्या करता है तो वह परिवार वालों से छिपने की कोशिश करता है. नताशा के कमरे का दरवाजा किन परिस्थितियों में खुला मिला? इसकी भी पड़ताल के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा."
तुगलक रोड थाना पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न जाहिर करने की शर्त पर बताया, "शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिवार वालों के हवाले कर दिया गया. परिजनों ने बुधवार को लोधी रोड स्थित शमशान घाट पर नताशा कपूर के शव का अंतिम संस्कार कर दिया."
नई दिल्ली जिला पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक, "घटना के समय घर में कई लोग मौजूद थे. इसके बाद भी नताशा कपूर को दिन के वक्त आत्महत्या करने का मौके कैसे मिल गया? इसकी भी पड़ताल की जा रही है."
घटना क्या सीधे-सीधे आत्महत्या की है? अधिकारी ने कहा, "फिलहाल ठोस तरह से इस पर टिप्पणी करना मुश्किल है. हैंड राइटिंग रिपोर्ट, परिवार वालों से डिटेल पूछताछ और नताशा ने कमरे का दरवाजा क्यों खुला छोड़ा होगा? इन सवालों के जबाब के बाद ही घटना की सही वजह सामने आ पाएगी." पुलिस के अनुसार, नताशा कपूर के पति संजय कपूर देश की मशहूर साइकिल कंपनी एटलस के को-प्रमोटर हैं.
मिशन गगनयान: जानिए, मिशन के लिए कैसे होंगे ह्यूमनॉइड, क्रू मॉड्यूल और क्रू एस्केप सिस्टम?






















