विपक्षी एकता के लिए नीतीश के बाद अब सोनिया गांधी से मिलेंगे लालू प्रसाद यादव

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात के एक दिन बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने आज कहा कि वह भी बीजेपी के खिलाफ मजबूत विपक्षी एकता के लिए जल्द कांग्रेस अध्यक्ष से मुलाकात करेंगे.
राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की तरह महागठबंधन जरूरी
लालू प्रसाद ने कहा, ‘‘हम निश्चित रूप से मौजूदा राजनीतिक हालात की बात करेंगे और बीजेपी के विरद्ध धर्मनिरपेक्ष तथा समाजवादी पार्टियों के बीच मजबूत एकता स्थापित करने के तरीकों पर भी विचार-विमर्श करेंगे.’’ आरजेडी अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी के राजनीतिक उत्थान को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बिहार की तरह महागठबंधन जरूरी है.
जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कल दिल्ली में सोनिया से मुलाकात की थी और समझा जाता है कि उन्होंने बीजेपी नीत एनडीए से मुकाबले के लिए विपक्षी दलों की एकता पर जोर दिया था. इस मुलाकात में जेडीयू की ओर से राष्ट्रपति चुनाव के लिए संयुक्त विपक्ष के उम्मीदवार को उतारने की भी बात आई.






















