आधार डाटा मामला: पंजाब सरकार ने ट्रिब्यून कर्मचारियों के विरोध प्रदर्शन का समर्थन किया
कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने आधार संबंधी रिपोर्ट को लेकर ट्रिब्यून की रिपोर्टर के खिलाफ केंद्र सरकार की परेशान करने वाली कथित कार्रवाई की निंदा की.

चंडीगढ़: पंजाब की अमरिंदर सिंह सरकार ने आधार डाटा के कथित खुलासे की रिपोर्ट को लेकर 'द ट्रिब्यून' की पत्रकार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के विरुद्ध उसके कर्मचारियों द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया.
एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, ट्रिब्यून के कर्मचारी संघ ने प्राथमिकी खारिज करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया. उस प्रदर्शन में पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, प्रदेश कांग्रेस प्रमुख सुनील जाखड़ और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने भी प्रदर्शन में भाग लिया.
कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने आधार संबंधी रिपोर्ट को लेकर ट्रिब्यून की रिपोर्टर के खिलाफ केंद्र सरकार की परेशान करने वाली कथित कार्रवाई की निंदा की.
जाखड़ ने पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज करने को लेकर केंद्र की निंदा की और कहा कि जब बीजेपी केंद्र में विपक्ष में थी तब उसने आधार का विरोध किया था. केंद्र को आधार प्रणाली की त्रुटियां दूर करनी चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि निजता की रक्षा हो.
Source: IOCL



























