'स्टंट के दौरान हुई थी तेज ब्लीडिंग', फरहाना भट्ट ने बयां किया 'खतरों के खिलाड़ी' का दर्द
फरहाना भट्ट ने हाल ही में 'खतरों के खिलाड़ी 15' की शूटिंग से जुड़ा एक चौंकाने वाला खुलासा किया है. एक्ट्रेस ने बताया कि हेलिकॉप्टर स्टंट के दौरान उन्हें तेज ब्लीडिंग हुई थी.

फरहाना भट्ट ने 'खतरों के खिलाड़ी 15' में अपने दमदार खेल से सभी का ध्यान खींचा था. उन्होंने कई मुश्किल स्टंट पूरे किए और फाइनलिस्ट तक अपनी जगह बनाई. हालांकि, इस शो का सफर उनके लिए सिर्फ रोमांच से भरा नहीं था, बल्कि इस दौरान उन्हें कई शारीरिक परेशानियों से भी गुजरना पड़ा.
हाल ही में एक्ट्रेस ने स्टंट के दौरान हुए अपने दर्दनाक अनुभव का खुलासा किया है.
स्टंट के दौरान फरहाना को हुई थी तेज ब्लीडिंग
Hauterrfly से बातचीत के दौरान फरहाना ने शो के पहले टास्क का अपना एक्सपीरियंस बताया. उन्होंने कहा कि वो इस स्टंट से काफी डरी हुई थीं. जब हेलिकॉप्टर से उन्हें नदी में गिराया गया, तो उन्हें तेज ब्लीडिंग होने लगी.

फरहाना ने बताया, 'इसके बाद जब मैं होटल पहुंची, तो मुझे जिंदगी में पहली बार इतने तेज क्रैम्प्स हुए थे. मैं ठीक से खड़ी भी नहीं हो पा रही थी. मेरा शरीर जैसे सुन्न पड़ गया था. मैंने अपनी गायनेकोलॉजिस्ट को फोन किया, तो उन्होंने बताया कि ये सब अचानक शरीर पर पड़े ज्यादा तनाव की वजह से हुआ है.'
रोज लेनी पड़ती थीं दवाइयां
एक्ट्रेस ने आगे बताया कि उन्होंने डॉक्टर से पूछा कि अगले दिन वो दोबारा स्टंट कैसे करेंगी. फरहाना के मुताबिक, उसी दौरान पहली बार उन्हें दर्द की दवाइयां लेनी पड़ीं. वो हर दिन दो पेनकिलर खाती थीं.
एक्ट्रेस ने बताया कि भारत लौटने के करीब तीन महीने बाद उन्हें दोबारा वैसी ही ब्लीडिंग होने लगी. फरहाना ने कहा, 'मैं उस दर्द को शब्दों में बयां भी नहीं कर सकती. मैंने इस बारे में किसी को कुछ नहीं बताया था. मेरी आदत है कि जब भी मेरे साथ कुछ होता है, मैं उसे अपने तक ही रखती हूं.'

अविनाश मिश्रा बने थे विनर
बता दें, 'खतरों के खिलाड़ी 15' को रोहित शेट्टी ने होस्ट किया था. दो साल के लंबे इंतजार के बाद इस स्टंट बेस्ड रियलिटी शो की वापसी हुई थी. शो के फिनाले में अविनाश मिश्रा ने ट्रॉफी अपने नाम की, जबकि ऋत्विक धनजानी और ओरहान अवत्रामणि (ओरी) पहले और दूसरे रनर-अप रहे.
इस सीजन में रुबीना दिलैक, जैस्मिन भसीन, करण वाही, ऋत्विक धनजानी, विशाल आदित्य सिंह, शगुन शर्मा, अविका गौर, अविनाश मिश्रा, हर्ष गुजराल और रुहानिका धवन समेत कई कंटेस्टेंट्स नजर आए थे.






















