...जब रणबीर ने बच्चों से कहा, 'हमें कटरीना की तबीयत के लिए 5 सेकेंड का मौन रखना चाहिए'

मुंबई: मायानगरी मुंबई में रविवार को एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला जब बॉलीवुड एक्टर रणबीर कपूर ने एक्ट्रेस कटरीना कैफ की तबीयत के लिए स्कूली बच्चों को 5 सेकेंड का मौन रखने के लिए कहा. ये पूरा वाकया मुंबई के बांद्रा स्थित सेंट एंड्रूज कॉलेज के ऑडिटोरियम में हुआ. जहां रणबीर कपूर अपनी जल्द रिलीज होने वाली फिल्म 'जग्गा जासूस' के प्रमोशन के लिए स्कूली बच्चों के बीच पहुंचे हुए थे.
रणबीर ने बच्चों के साथ की ढेर सारी मस्ती
इस मौके पर रणबीर ने सबसे पहले स्कूली बच्चों के साथ स्टेज पर डांस किया और उनके साथ ढेर सारी मस्ती की. इसके बाद रणबीर ने बच्चों को अपने स्कूली दिनों के कई मजेदार किस्से भी सुनाए, जिसने बच्चों को हंसने पर मजबूर कर दिया.
इस दौरान रणबीर ने चिट्स में लिखे बच्चों के सवालों के जवाब भी मजेदार अंदाज में दिए. एक बच्चे द्वारा ये पूछने पर कि फिल्म की अभिनेत्री कटरीना कैफ इस कार्यक्रम में क्यों नहीं आईं, तो रणबीर ने कहा कि कटरीना की तबीयत खराब है और हम सभी को 5 सेकेंड का मौन रखना चाहिए ताकि कटरीना जल्दी ठीक हो जाएं! आपको बता दें कि कटरीना कैफ को भी रणबीर कपूर के साथ इस कार्यक्रम में शामिल होना था.
बच्चों से पूछे फिल्म के ट्रेलर से जुड़े कई सवाल
'जग्गा जासूस' के प्रमोशन पर पहुंचे रणबीर ने बच्चों के साथ दो तरह के गेम्स भी खेले. पहले, रणबीर ने बच्चों के कई समूह बनाकर उनसे कई अंग्रेजी शब्दों की सही स्पेलिंग्स पूछीं. दूसरे गेम में रणबीर ने फिल्म का ट्रेलर दिखाकर बच्चों से फिल्म के ट्रेलर से जुड़े कई सवाल पूछे.
इस दौरान सवालों के जवाब जानने के लिए रणबीर कई बार मंच से नीचे भी उतरे. रणबीर ने कुछ बच्चों को मंच पर बुलाकर अपनी हेयरस्टाइल की तरह उनकी भी हेयरस्टाइल बनवाई. अंत में रणबीर ने बच्चों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई.






















