'मिस्टर इंडिया' के 34 साल पूरे, अनिल कपूर ने शेयर किया दिलचस्प किस्सा
'मिस्टर इंडिया' के 34 साल पूरे होने के मौके पर अनिल कपूर ने इस फिल्म के बारे में एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है.

मिस्टर इंडिया 25 मई, 1987 को रिलीज हुई थी. यह फिल्म अनिल कपूर के करियर के लिए मील का पत्थर साबित हुई थी. अभिनेता का कहना है कि 'मिस्टर इंडिया' उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण फिल्म रहेगी. अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर फिल्म के 34 साल पूरे होने पर इसके बारे में एक दिलचस्प किस्सा शेयर किया है.
उन्होंने लिखा, "मिस्टर इंडिया मेरे लिए हमेशा महत्वपूर्ण फिल्म रहेगी. मुझे याद है जब 34 साल पहले हमने इस सफर की शुरुआत की थी और मैं चीज की जानकारी के लिए जुनूनी हुआ करता था. जब मैं 'जिंदगी की ही रीत है' गाने की धुन सुना करता था. मैं सिर्फ इसमें किशोर दा की आवाज इमेजिन करता था. तब किशोर कुमार और लक्ष्मीकांत प्यारेलाल साथ काम करना नहीं चाहते थे. किशोर दा के संपर्क में आने में भी महीनों लग गए."
अनिल कपूर ने आगे बताया, "जब मेरी उनसे बात हुई तो मैं किशोर कुमार के घर गया और दोनों की बात कराई. इसका परिणाम है यह शानदार मेलोडी जिसे आज के मुश्किल समय में भी याद किया जा सकता है."
आपको बता दें कि अनिल कपूर ने हाल ही में सुनीता कपूर के साथ अपनी शादी की 36वीं सालगिरह मनाई थी. दोनों ने 1984 में शादी रचाई थी. ऐसे में शादी की 36वीं सालगिरह के मौके पर अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर खास पोस्ट किया है और अपनी शादी की दिलचस्प यादें फैंस के साथ शेयर की थी.























