लोकसभा चुनाव: सनी देओल के पास है 87 करोड़ की संपत्ति, 53 करोड़ का कर्ज बकाया
Lok Sabha Election 2019: अपनी मां के मुकाबले सनी देओल के पास काफी कम संपत्ति है. इतना ही नहीं सनी देओल और उनकी पत्नी पर 53 करोड़ रुपये का कर्ज भी बकाया है.

Lok Sabha Election 2019: बीजेपी ने बड़ा दांव खेलते हुए पंजाब की गुरदासपुर सीट से अभिनेता सनी देओल को अपना उम्मीदवार बनाया है. आज सनी देओल ने गुरदासपुर सीट से नॉमिनेशन पेपर फाइल किया. सनी देओल की संपत्ति को लेकर काफी दिलचस्प जानकारी आई है. अपने चुनावी हलफनामे में सनी देओल ने बताया कि उनके और उनकी पत्नी के पास 87 करोड़ की कुल संपत्ति है, जबकि वो 53 करोड़ के कर्जदार है. खास बात ये है कि उनके पास अपनी मां हेमा मालिनी के मुकाबले काफी कम संपत्ति है. हेमा मालिनी और धर्मेंद्र के पास 249 करोड़ की कुल दौलत है.
सनी के पास कितनी दौलत है? चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के मुताबिक सनी देओल का पूरा नाम अजय सिंह धमेंद्र देओल है. सनी देओल और उनकी पत्नी के पास कुल 87 करोड़ रुपये की संपत्ति है, जबकि दोनों पति पत्नी पर करीब 53 करोड़ रुपये का कर्ज है.
66 करोड़ रुपये की चल संपत्ति हलफनामे के मुताबिक सनी देओल के पास करीब 60 करोड़ की चल संपत्ति है. उनकी पत्नी के पास करीब 6 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है. सनी देओल ने बताया है कि उनके पास 26 लाख रुपये कैश हैं और उनकी पत्नी के पास 16 लाख रुपये कैश हैं. सनी देओल के बैंक अकाउंट में करीब 9 लाख रुपये जमा हैं, जबकि उनकी पत्नी के बैंक अकाउंट में करीब 19 लाख रुपये जमा हैं. सनी देओल के पास कुल 21 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति है. सनी देओल की पत्नी के पास किसी भी तरह की अचल संपत्ति नहीं है.
53 करोड़ का कर्ज बकाया सनी देओल और उनकी पत्नी ने बैंक से करीब 51 करोड़ रुपये कर्ज लिया हुआ है. वहीं दोनों पति पत्नी पर करीब 2.5 करोड़ रुपये का सरकारी कर्ज भी बकाया है. सनी देओल के ऊपर एक करोड़ 7 लाख रुपये का जीएसटी भी बकाया है.
चुनावी हलफनामे की मुताबिक सनी देओल के ऊपर किसी भी तरह का कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और ना ही कभी उन्हें किसी मामले में कोई सजा मिली है. सनी देओल ने साल 1977-78 में बर्मिंघम से एक्टिंग में डिप्लोमा किया है.
हेमा मालिनी के पास है तिगुनी संपत्ति सनी देओल की मां हेमा मालिनी मथुरा से सांसद हैं. बीजेपी ने इस सीट पर फिर से उन्हें टिकट दिया है. हेमा मालिनी ने चुनावी हलफनामे में करीब 249 करोड़ (दो अरब 49 करोड़) रुपये की संपत्ति घोषित की है.
इसमें उनके पास करीब 114 करोड़ रुपये और पति धर्मेंद्र के पास 135 करोड़ रुपये की संपत्ति है. पांच सालों में हेमा के पास करीब 72 करोड़ रुपये की संपत्ति बढ़ी है.


















