केरल: बीजेपी ने राज्यसभा सांसद और अभिनेता सुरेश गोपी को त्रिशूर सीट से उम्मीदवार बनाया
Lok Sabha Election 2019: त्रिशूर लोकसभा सीट पर सुरेश गोपी का मुकाबला दो पूर्व विधायकों से होगा.

Lok Sabha Election 2019: बीजेपी ने मंगलवार को जिन तीन उम्मीदवारों को टिकट दिया था उनमें राज्यसभा सांसद और साउथ के अभिनेता सुरेश गोपी का नाम भी शामिल है. बीजेपी ने केरल की त्रिशूर लोकसभा सीट पर मलयालम सुपरस्टार सुरेश गोपी पर दांव खेला है. सुरेश गोपी कांग्रेस के टी.एन.प्रतापन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राजाजी मैथ्यू थॉमस को इस सीट पर चुनौती देंगे.
टिकट मिलने के बाद सुरेश गोपी ने पीएम मोदी का आभार व्यक्त किया है. गोपी का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उन पर विश्वास जताने के लिए वह उनके आभारी हैं.
गोपी ने कहा, "मैं बहुत ही खुश हूं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुझे त्रिशूर लोकसभा सीट से लड़ने के लिए चुना. यह मुझ पर उनका विश्वास जाहिर करता है. मैं इससे निश्चित रूप से खुश हूं."
बीजेपी ने गोपी को 2016 में राज्यसभा के लिए नॉमिनेट किया था. मंगलवार देर रात बीजेपी ने गोपी के नाम की घोषणा की थी. उन्होंने कहा, "अगले पांच सालों में दोगुना या तिगुना विकास होगा."
60 वर्षीय अभिनेता 2014 में प्रधानमंत्री मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में व्यक्तिगत रूप से आमंत्रित किए जाने के बाद उनके प्रशंसक बन गए थे. गोपी का मुकाबला दो पूर्व विधायकों कांग्रेस के टी.एन.प्रतापन और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के राजाजी मैथ्यू थॉमस से है.
बीजेपी ने महाराष्ट्र और यूपी के लिए 6 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की, सांसद किरीट सोमैया का टिकट कटा
















