6.5 करोड़ का Lamborghini वाला घर, 3 महीने में अमीरों ने सब खरीद लिए
गुरुग्राम में बने लग्जरी प्रोजेक्ट टोनिनो लैम्बॉर्गिनी के घर इन दिनों काफी डिमांड में हैं. इस प्रॉपर्टी का पहला फेज तीन महीनों के अंदर ही बिक गया है. ये प्रोजेक्ट 6.5 करोड़ रुपये में बिका है.

गुरुग्राम में लग्जरी घरों की मांग तेजी से बढ़ रही है. इसका एक उदाहरण सिग्नेचर ग्लोबल का टोनिनो लैम्बोर्गिनी रेसिडेंस प्रोजेक्ट है. कंपनी ने मंगलवार को बताया कि इस प्रोजेक्ट का पहला फेज तीन महीने से भी कम समय में पूरी तरह बिक गया है. अब कंपनी दूसरे फेज को लॉन्च करने की तैयारी कर रही है.
ये प्रोजेक्ट इटली के मशहूर लग्जरी लाइफस्टाइल ब्रांड टोनिनो लैम्बोर्गिनी के साथ मिलकर बनाया जा रहा है. ये भारत में इस ब्रांड से जुड़ा पहला रेजिडेंशियल प्रोजेक्ट है.
कितनी होगी घरों की कीमत?
ये प्रोजेक्ट गुरुग्राम के सेक्टर-71 में साउथर्न पेरिफेरल रोड (SPR) पर स्थित है. इसमें 3, 4 और 4.5 BHK लग्जरी घर बनाए जाएंगे. प्रॉपर्टी पोर्टल्स के अनुसार, यहां घरों की अनुमानित कीमत 4.5 करोड़ रुपये से 6.5 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है. हालांकि, कंपनी ने दूसरे फेज के लिए अभी कीमतों के बारे में कोई खुलासा नहीं किया है.
स्क्वायर यार्ड्स के मुताबिक, यहां 3 BHK का एक घर लगभग 4.71 करोड़ रुपये में मिल सकता है. इसका आकार करीब 2,050 वर्ग फुट है. वहीं, 2,700 वर्ग फुट के 4 BHK घर की अनुमानित कीमत 6.21 करोड़ रुपये है.
इटैलियन डिजाइन वाले टावर
ये प्रोजेक्ट करीब 12.40 एकड़ में फैला होगा. इसमें कुल पांच टावर बनाए जाएंगे, जिनमें हर टावर में ग्राउंड फ्लोर के अलावा 41 मंजिलें होंगी. इस प्रोजेक्ट में कम घरों के साथ ज्यादा खुली जगह और बेहतर सुविधाएं देने पर ध्यान दिया गया है. हर फ्लोर के एक हिस्से में चार घर होंगे.
कौन कर रहा प्रोजेक्ट डिजाइन?
प्रोजेक्ट की डिजाइनिंग में अमेरिका की हैंडल आर्किटेक्ट्स, बोस ब्रदर्स आर्किटेक्ट्स और इंटीरियर डिजाइनर कार्लोस रोजी शामिल हैं. इसकी डिजाइनिंग टोनिनो लैम्बोर्गिनी की क्रिएटिव डायरेक्टर एंजेला क्रीगर तय कर रही हैं.
बेहतर कनेक्टिविटी का मिलेगा फायदा
ये प्रोजेक्ट साउथर्न पेरिफेरल रोड पर स्थित है. यहां से द्वारका एक्सप्रेसवे, NH-48, गोल्फ कोर्स रोड और इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे तक पहुंचना आसान होगा. सिग्नेचर ग्लोबल के बड़े SG SPR एस्टेट प्रोजेक्ट में 25 एकड़ का कमर्शियल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट भी शामिल है. इसे RMZ कॉर्पोरेशन के साथ मिलकर विकसित किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें: 8th Pay Commission: सभी फिटमेंट फैक्टर पर वेतन का गणित समझिए






















