केदारनाथ धाम में शिव के दर पर पहुंचे पीएम मोदी, मंदिर में रूद्राभिषेक कर आराधना की
करीब डेढ़ माह तक चली लोकसभा चुनाव की थकान भरी कवायद का परिणाम आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज केदारनाथ पहुंचे और उन्होंने रूद्राभिषेक कर शिव की आराधना की. प्रधानमंत्री हेलीकॉप्टर से उतरने पर स्लेटी रंग के पहाड़ी परिधान और पहाड़ी टोपी पहने और कमर में केसरिया गमछा बांधे दिखाई दिए. हेलीपैड से मंदिर पहुंचने के पैदल रास्ते के दोनों ओर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय जनता का उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया.
मंदिर परिसर में पहुंचने पर केदारनाथ के तीर्थ पुरोहितों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद वह भगवान शिव की पूजा अर्चना और रूद्राभिषेक के लिये मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे . करीब आधे घंटे चली इस पूजा के बाद प्रधानमंत्री ने मंदिर की परिक्रमा की और श्रद्धालुओं का फिर हाथ हिलाकर अभिवादन किया.






























