सार्वजनिक जगहों पर भीड़ रोकने के लिए सख्त होना पड़ेगा- Corona प्रभावित राज्यों के CM से बोले PM Modi
पीएम मोदी ने आज तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल के मुख्यमंत्रियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कोरोना की स्थिति पर चर्चा की. सभी छह राज्यों के मुख्यमंत्रियों से पीएम मोदी ने कहा, 'हम इस समय एक ऐसे मोड़ पर खड़े हैं जहां तीसरी लहर की आशंका लगातार जताई जा रही है. कुछ राज्यों में मामलों की बढ़ती हुई संख्या अभी भी चिंताजनक बनी हुई है. पिछले हफ्ते करीब 80 फीसदी नए कोरोना मामले आप जिन राज्यों (तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, ओडिशा, महाराष्ट्र, केरल) में हैं, उन्हीं राज्यों से आए हैं. महाराष्ट्र और केरल में मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है. विशेषज्ञ बताते हैं कि लंबे समय तक लगातार मामले बढ़ने से कोरोना वायरस में म्यूटेशन की आशंका बढ़ जाती है, नए वेरिएंट का खतरा बढ़ जाता है. इसलिए तीसरी लहर को रोकने के लिए कोरोना के खिलाफ प्रभावी कदम उठाया जाना आवश्यक है.'

























