COVID 19: मुंबई के सायन हॉस्पिटल में लाश के पास मरीज का इलाज, मामले की जांच के आदेश
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे के बेटे और बीजेपी विधायक नितेश राणे ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया है. जिसको लेकर हड़कंप मचा हुआ है. वीडियो मुम्बई के सायन अस्पताल का बताया जा रहा है. जहां मरीजों के बगल में कोरोना से मृत मरीजों की लाश रखी गई है.
नितेश राणे ने वीडियो को अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से शेयर करते हुए लिखा, '' यह कैसा एडमिनिस्ट्रेशन है बेहद शर्मनाक.'' वीडियो में दावा किया गया कि कोरोना वार्ड में लाश घंटों तक पड़ी रही और बगल के बेड पर इलाज चल रहा है. एक दो नही बल्कि कोरोना मरीजों के बगल में कई शव दिख रहे हैं. एबीपी न्यूज़ ने इस वीडियो की पड़ताल शुरू की और सायन अस्पताल से डीन डॉक्टर इंगले से एबीपी न्यूज़ ने बातचीत कर इस पूरे मामले की जानकारी हासिल की.

























