गंगनहर में बुजुर्ग को बचाने के चक्कर में दो युवकों की डूबकर मौत
धनौरी पुल के पास बावन दर्रा समीप एक बुजुर्ग गंगनहर में रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वो डूबने लगे।

गाजियाबाद, एबीपी गंगा। गंगनहर में डूबने के कारण गुरुवार को दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक गंगनहर में डूब रहे एक बुजुर्ग को बचाने के लिए कूदे थे, लेकिन डूबने के कारण दोनों की मौत हो गई। हालांकि, बुजुर्ग की जान बच गई। खबर के मुताबिक, धनौरी पुल के पास बावन दर्रा समीप एक बुजुर्ग गंगनहर में रहे थे। इसी दौरान उनका पैर फिसल गया और वो डूबने लगे। बुजुर्ग को बचाने के लिए पहले एक युवक गंगनहर में कूद गया। वह बुजुर्ग को किनारे तक ले आया। जिससे बुजुर्ग तो गंगनहर से बाहर निकल गया, लेकिन युवक डूबने लगा। उसको डूबता देख एक अन्य युवक गंगनहर में कूद गया। कुछ देर बाद दोनों गहरे पानी में डूब गए। पुलिस के जवानों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
मृतकों में मुदसिर (20 वर्ष ) जम्मू-कश्मीर का था, जबकि दूसरा मजहर (22 वर्ष) बिहार का रहने वाला था। सीओ रुड़की चंदन सिंह बिष्ट ने बताया कि दोनों युवकों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
























