संभल में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, ट्रक लूटने वाले गिरोह का किया पर्दाफाश, 6 बदमाश गिरफ्तार
यूपी के संभल में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने ट्रक लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश कर 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. गिरोह का सरगना बरेली का राजवीर राठौर है.

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में पुलिस और एसओजी ने अंतर्जनपदीय ट्रक लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश कर 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है. दो बदमाश फरार बताए जा रहे है. पुलिस ने बदमाशों से लूट का एक ट्रक, 3 लग्जरी कार और तीन अवैध तमंचे भी बरामद किए हैं. पुलिस और एसओजी को इस गिरोह की चंदौसी कोतवाली इलाके से लूटे गए ट्रक के मामले में तलाश थी.
पुलिस को मिली जानकारी
संभल जिले के एसपी चक्रेश मिश्र ने ट्रक लुटेरे गैंग का खुलासा करते हुए बताया कि 8 जून को चंदौसी कोतवाली में बिहार के रहने बाले संतोष गिरी नाम के शख्श ने अपना ट्रक, चालक और क्लीनर समेत गायब होने की रिपोर्ट लिखवाई थी. रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ट्रक गायब होने के मामले की तफ्तीश कर रही थी. तफ्तीश के दौरान ट्रक को लूटे जाने की जानकारी पुलिस को मिली. इसी जानकारी के आधार पुलिस ने मुठभेड़ के बाद 6 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि, 2 बदमाश मौके से फरार होने में कामयाब हो गए.
पुलिस ने बरामद किया ट्रक
पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों की निशानदेही पर चंदौसी कोतवाली इलाके से लूटा गया ट्रक भी बरामद कर लिया है. पुलिस ने बदमाशों के पास से 3 लग्जरी कारें भी बरामद की हैं. लग्जरी कारों में बैठकर ये गिरोह ट्रक लूट की वारदातों को अंजाम देता था. गिरफ्तार बदमाशों ने पुलिस को बताया कि गिरोह के सरगना राजवीर राठौर की योजना के तहत उन लोगों ने 27 मई को चंदौसी कोतवाली इलाके से ट्रक में लिफ्ट लेने के बाद दूसरे जिले में पहुंचते ही ट्रक चालक और क्लीनर की हत्या कर दी थी. शव को फेंकने के बाद ट्रक को लूट लिया था.
ट्रक को बेचने की फिराक में थे बदमाश
ट्रक को लूटने के बाद ट्रक को बेचने के मकसद से संभल लाया जा रहा था, जिसकी जानकारी होने पर पुलिस ने मुठभेड़ के बाद बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया. गिरोह का सरगना बरेली का राजवीर राठौर है. जबकि, 3 बदमाश किशनवीर, मोमीन और हरीश, संभल जिले के और 2 बदमाश शिशुपाल और संतोष पीलीभीत के रहने वाले है.
सामने आई पुलिस की लापरवाही
ट्रक लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश पुलिस के लिए बड़ी सफलता जरूर है लेकिन चंदौसी कोतवाली इलाके से लूटे गए ट्रक के मामले में पुलिस की लापरवाही भी सामने आई है. बिहार के रहने वाले ट्रक के मालिक संतोष गिरी ने पुलिस पर लापरवाही के आरोप भी लगाए थे. दरअसल, 27 मई को ट्रक चालक, क्लीनर समेत ट्रक के गायब होने पर संतोष गिरी रिपोर्ट दर्ज करने के लिए भटकते रहे लेकिन चंदौसी कोतवाली पुलिस ने कई दिन तक ट्रक गायब होने की रिपोर्ट दर्ज नहीं की. एसपी चक्रेश मिश्र से गुहार लगाने के बाद चंदौसी कोतवाली पुलिस ने 8 मई को केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी.
ये भी पढ़ें:






















