लखनऊ में अपने घर का सपना होगा पूरा, 2000 भूखंडों का खुलेगा पंजीकरण
लखनऊ विकास प्राधिकरण नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में दूसरे चरण के तहत 2000 नए भूखंडों का पंजीकरण खोलने की तैयारी कर रहा है. नवंबर के आख़िर में भूखंडों का पंजीकरण शुरू होने की उम्मीद है.

लखनऊ में अपने घर का सामना देखने वालों के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) नैमिष नगर और वरुण विहार योजना में दूसरे चरण के तहत 2000 नए भूखंडों का पंजीकरण खोलने की तैयारी कर रहा है. नवंबर के अंत तक पंजीकरण शुरू होने की उम्मीद है. खास बात यह है कि पहले चरण की लॉटरी में असफल आवेदकों को उसी योजना में दोबारा आवेदन करने पर फॉर्म शुल्क नहीं देना होगा.
इसके अलावा एलडीए शारदा नगर विस्तार योजना में 26 अक्टूबर से वन और टू बीएचके के करीब 1300 फ्लैटों के लिए भी पंजीकरण शुरू करेगा. एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, प्राधिकरण दोनों आवासीय योजनाओं में दूसरे चरण की प्रक्रिया जल्द पूरी करना चाहता है. इसके तहत वरुण विहार में कृष्ण और केशव खंड में भूखंड मिलेंगे.
कृष्ण और केशव खंड में मिलेंगे भूखंड
आगरा एक्सप्रेस-वे के पास विकसित हो रही वरुण विहार योजना के दूसरे चरण में कृष्ण खंड और केशव खंड में 1000 भूखंडों का पंजीकरण खोला जाएगा. वहीं, सीतापुर रोड स्थित नैमिष नगर योजना के भार्गव खंड में भी 1000 भूखंडों के लिए आवेदन लिए जाएंगे.
जेल में करवट बदलते गुजरी श्रद्धा दुबे की रात, नाश्ते में मिला मीठा दलिया और चाय
दोनों योजनाओं में भूखंड 72 से 400 वर्ग मीटर तक रहेगा. नैमिष नगर में जमीन की दर 3800 रुपये और वरुण विहार में 2800 रुपये प्रति वर्ग फीट निर्धारित है. एलडीए की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव से पहले दूसरे चरण का पंजीकरण और लॉटरी की प्रक्रिया पूरी कर ली जाए, ताकि आचार संहिता लागू होने पर कोई परेशानी न हो.
26 अक्टूबर से फ्लैटों का पंजीकरण
पहले चरण में जिन आवेदकों का नाम लॉटरी में नहीं आएगा, उन्हें दूसरे चरण में उसी योजना के लिए आवेदन करने पर 1100 रुपये का पंजीकरण फॉर्म शुल्क दोबारा नहीं देना होगा. एलडीए पहले चरण की लॉटरी के बाद यह सुविधा उपलब्ध कराएगा. जो आवेदक दोबारा आवेदन नहीं करना चाहते, उनकी पंजीकरण राशि वापस की जाएगी.
शारदा नगर विस्तार योजना में एलडीए वन और टू बीएचके के कुल 1248 फ्लैटों का पंजीकरण खोलेगा. इनमें वन बीएचके के 312 और टू बीएचके के 936 फ्लैट शामिल हैं. वन बीएचके की कीमत करीब नौ लाख रुपये और टू बीएचके की कीमत करीब 30 लाख रुपये रखी गई है. इन फ्लैटों के लिए पंजीकरण 26 अक्टूबर से एलडीए की वेबसाइट registration.ldalucknow.in पर ऑनलाइन किया जा सकेगा.






















