यूपी: लखनऊ में कोरोना संक्रमण बेकाबू, 307 नए मरीजों के साथ संक्रमितों की संख्या पांच हजार के पार
यूपी की राजधानी लखनऊ में कोरोना संक्रमण अनियंत्रित होता जा रहा है. गुरुवार को बीते 24 घंटे में 307 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं. इसके साथ ही महानगर में कोरोना मरीजों की संख्या 5125 तक पहुंच गयी है.

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस का संक्रमण डराने वाली रफ्तार से बढ़ रहा है. गुरुवार को राज्य में कोरोना के एक दिन में रिकॉर्ड 2529 मामले सामने आये. सूबे में अबतक कुल 58,104 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आये हैं. वहीं, राज्य की राजधानी लखनऊ में कोरोना बेकाबू होता जा रहा है. बीते 24 घंटे में 307 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं. यह कहना गलत नहीं होगा कि प्रदेश की राजधानी के साथ लखनऊ कोरोना की राजधानी बनता जा रहा है. शहर में कोरोना के मरीज पांच हजार के पार पहुंच गये हैं. ये संख्या 5125 हो गयी है.
इन मरीजों में से 3196 एक्टिव केस हैं. अब राजधानी लखनऊ में प्रदेश में सबसे ज्यादा एक्टिव केस हो गये हैं. इसके अलावा संक्रमण के कुल मामलों में राज्य में लखनऊ पहले नंबर पर आ गया है.
कानपुर में भी कहर
पूरे प्रदेश में बीते 24 घंटे में 36 कोरोना मरीजों की मौत हो गयी. प्रदेश में अबतक 1298 लोग कोरोना महामारी की चपेट में आने से अपनी जान गंवा चुके हैं. दूसरी तरफ लखनऊ से 70 किलोमीटर दूर प्रदेश के बड़े महानगरों में से एक कानपुर में भी कोरोना भयावह रूप लेता जा रहा है. यहां बीते 24 घंटे में 235 संक्रमण के मामले सामने आये हैं. इसके अलावा इस महामारी से 24 घंटे में सात मरीजों की मौत हो गई. जिले में मौत का आंकड़ा 156 तक पहुंच गया है. वहीं, एक्टिव मामले 1507 है.
झांसी जिला कारागार में कोरोना विस्फोट
झांसी में जिला कारागार में गुरुवार को कोरोना संक्रमण का विस्फोट हुआ. यहां 120 कैदी संक्रमित पाये गये हैं. सात अन्य कैदियों की रिपोर्ट निगेटिव आई है. इतनी बड़ी संख्या संक्रमित मरीज मिलने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया. इसकी जानकारी मिलते ही लखनऊ से डीआईजी जेल वेद प्रकाश त्रिपाठी ने झांसी पहुंच कर जेल का निरीक्षण किया. जेल के पूरे परिसर को अंदर और बाहर से सेनेटाइज किया गया. बड़ी संख्या में कैदियों के संक्रमित पाये जाने की बाद जेल प्रशासन के साथ स्वास्थ्य विभाग अलर्ट पर है. जेल के अंदर ही कई कैदियों की जांच भी की जा रही है, जबकि संक्रमितों को कोविड अस्पताल शिफ्ट किया गया है.
(रिपोर्टर शैलेश अरोड़ा का इनपुट)
ये भी पढ़ें.
यूपी: झांसी जिला कारागार में कोरोना विस्फोट, 120 कैदी संक्रमित मिले, जेल प्रशासन में हड़कंप
क्या नहीं हो पाएगा राम मंदिर निर्माण का भूमि पूजन? रोक के लिये इलाहाबाद HC में याचिका दाखिल























