सीएम योगी ने दीपोत्सव से पहले लिखी पाती, प्रदेशवासियों से की यह अपील
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम में दसवें दीपोत्सव में प्रदेश वासियों से शामिल होने की अपील की. उन्होंने कहा कि इससे स्थानीय व्यापारियों के लिए रोज़गार के अवसर बढ़ते हैं.

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम में दसवें दीपोत्सव को लेकर प्रदेशवासियों के नाम पाती लिखी है. जिसमें उन्होंने अपील की प्रदेश के सभी लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या आएं और भगवान श्रीराम की पावन नगरी में भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा के साक्षी बनें.
सीएम योगी ने कहा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम अपने दसवें भव्य एवं दिव्य दीपोत्सव के स्वागत के लिए पुलकित है. दीपोत्सव अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और आस्था से विकास की यात्रा का प्रतीक है। यह मात्र दीप प्रज्वलन नहीं, अपितु भारत की सनातन चेतना के पुनर्जागरण तथा सांस्कृतिक गौरव का महापर्व है.
दीपोत्सव में शामिल होने की अपील
सीएम योगी ने श्रीराम के अयोध्या आगमन की स्मृति से जुड़े पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक मंगलकामनाएं दी और कहा कि दीपोत्सव से हमारा सनातन संबंध केवल परंपराओं से नहीं, बल्कि जीवन-मूल्यों से भी जुड़ा है. 14 वर्षों तक भरत जी ने राजसुख का त्याग कर प्रभु श्रीराम की चरण पादुकाओं को सिंहासन पर प्रतिष्ठित रखकर संचालित किया ये भरत जी के त्याग और समर्पण की सीख लेने का संदेश देते हैं.
माँ सरयू के तट पर सजी दीपमाला, राम की पैड़ी पर लाखों दीपों की जगमग मानो अयोध्या में आकाश गंगा उतर आई हो. ड्रोन के माध्यम से आकाशीय प्रस्तुतियां और कलाकारों की सहभागिता इस महोत्सव को अलौकिक भव्यता प्रदान करती हैं. दीपोत्सव से कुम्हारों, पुष्प विक्रेताओं और होटल व्यवसायियों सहित स्थानीय व्यापारियों के लिए रोजगार व आय के अवसर बढ़ते हैं.
यूपी में कोहरे ने दी दस्तक, सुबह-शाम बढ़ी ठंड, जानें- आज का मौसम
जनभागीदारी से विकास का संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और जनभागीदारी को विकास की शक्ति बनाकर उत्तर प्रदेश ने उत्सव प्रदेश के रूप में नई पहचान स्थापित की है. जहां प्रकाश है, वहां सुरक्षा का वास है. जहां सुरक्षा है वहां निवेश के अवसर हैं. जहां निवेश है वहां विकास है. जहां विकास है वहीं रोज़गार और सुख समृद्धि हैं. समृद्धि से उत्सव और उत्सव से उत्सव प्रदेश है.
दीपोत्सव आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम भी है. सीएम योगी ने अपील की कि यदि आपके आस-पड़ोस में कोई वंचित परिवार है, तो अपने सामर्थ्य के अनुसार उसकी दीपावली भी आलोकित करें. दीये, मिठाइयां और नए वस्त्र भेंट कर उसके जीवन में प्रसन्नता का संचार करें. यही दीपोत्सव की सच्ची भावना है. स्थानीय कारीगरों के दीप एवं उत्पाद खरीदकर उनके परिश्रम को प्रोत्साहन दें.
मेरी हार्दिक इच्छा है कि आप अपने परिवार और मित्रों के साथ अयोध्या पधारें तथा प्रभु श्रीराम की पावन नगरी में भव्य दीपोत्सव की दिव्य छटा के साक्षी बनें.






















