दिन में रेकी कर रात को खोल लेते थे ट्यूबवेल की मोटर, 100 से ज्यादा चोरी की वारदात, 3 गिरफ्तार
Bulandshahr News: पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में नलकूपों की रेकी किया करते थे और फिर रात के अंधेरे में मोटर खोलकर तांबे का तार निकाल लेते थे, जिसके बाद इस तार को कबाड़े में बेच देते थे.

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में थाना सिकंदराबाद कोतवाली पुलिस ने ट्यूवेल से मोटर चोरी करने वाले शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में गिरोह की तीन सदस्यों को गिरफ़्तार किया है. ये बदमाश अब तक सौ से ज्यादा ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाओँ को अंजाम दे चुके हैं.
बुलंदशहर में पिछले कुछ समय से ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाओं से किसान काफी परेशान थे. लगातार क्षेत्र में बढ़ रही ट्यूवेल से मोटर चोरी की घटनाओं से किसान ठीक से घर में सो भी नहीं पा रहे थे, किसान अपनी ट्यूबवेल पर मोटर की सुरक्षा के लिए ट्यूबवेल पर ही रातों को सोने के लिए मजबूर थे.
पुलिस और किसानों के लिए सिरदर्द थे चोर
इलाके में बढ़ती मोटर चोरी की घटनाओं के बाद से ये शातिर चोर पुलिस के लिए भी सिरदर्द बने हुए थे. जिसके बाद से ही पुलिस की नज़र इन घटनाओं पर थी. सिकंदराबाद थाना प्रभारी अनिल शाही की टीम ने गिरोह के तीन सदस्य चांद मोहम्मद, सईद और कबाड़ी रिज़वान को गिरफ्तार किया है.
पुलिस के मुताबिक आरोपी दिन में नलकूपों की रेकी किया करते थे और फिर रात के अंधेरे में मोटर खोलकर तांबे का तार निकाल लेते थे. आरोपी चांद मोहम्मद और सईद चोरी किया हुआ माल कबाड़ी रिजवान को बेच दिया करते थे. पुलिस को इनके पास से 21 किलो तांबे का तार, एक ट्यूबवेल का कवर, 35 हज़ार रुपये नकद, तीन अवैध चाकू, एक बाइक और चोरी करने के उपकरण बरामद हुए हैं.
मोटर से तार निकालकर बेचते थे आरोपी
एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि सिकंदराबाद थाना पुलिस ने इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है, इनके कब्जे से चोरी का माल बरामद हुआ है. ये बदमाश दिन में रेकी कर रात में वारदात को अंजाम दिया करते थे. जिसके बाद ये ट्यूबवेल की मोटर से तांबा निकालकर धमरा अड्डे के पास रिजवान नाम के कबाड़ी को बेच देते थे.
इन शातिर चोरों ने 8 महीने में लगभग 100 से अधिक ट्यूबवेल से मोटर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया गया है. ये घटनाएं बुलंदशहर, मेरठ व हापुड़ के आसपास की गई. इन चोरों पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
मुख्तार अंसारी के बेटे उमर की बदली जेल, गाजीपुर से कासगंज कारागार में किया गया शिफ्ट






















