अलीगढ़ः छात्रसंघ चुनाव की मांग तेज, छात्रों ने AMU गेट पर जड़ा ताला
अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर छात्रों का धरना- प्रदर्शन 17वें दिन भी जारी रहा. छात्रों ने अपनी मांगों को बुलंद करते हुए एएमयू गेट पर ताला जड़ दिया.

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव की मांग को लेकर चल रहा धरना-प्रदर्शन आज 17वें दिन भी जारी रहा. एएमयू प्रशासन की तरफ से अभी तक कोई आश्वासन नहीं मिलने से आक्रोशित छात्रों ने आज यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार बाब-ए-सैयद गेट को बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की. छात्र एएमयू छात्र संघ चुनाव की बहाली और प्रॉक्टर नावेद खान के व्यवहार को लेकर नाराज हैं.
दरअसल, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में पिछले 17 दिनों से छात्र संघ चुनाव की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन चल रहा है. एक छात्र यासिर फहद पिछले 17 दिन से भूख हड़ताल पर बैठा है, लेकिन छात्रों का आरोप है कि अभी तक कुलपति ने उनसे मुलाकात तक नहीं की है. आज गुस्साए छात्रों ने बाब-ए-सैयद गेट को बंद कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
फिरोजाबाद में पत्नी को प्रेमी संग देख भड़का पति, 5 राउंड फायरिंग
'जब बड़ी यूनिवर्सिटी में तो AMU क्यों नहीं छात्र संघ चुनाव?'
छात्रों का कहना है कि जब देश की हर बड़ी यूनिवर्सिटी में छात्र संघ चुनाव हो सकते हैं तो एएमयू में क्यों नहीं. छात्रों ने प्रॉक्टर पर आरोप लगाया कि वह छात्र और शिक्षक के बीच के मामलों को आपस में सुलझाने के बजाय हर बार यूपी पुलिस को कैंपस में बुला लेते हैं. क्या हम JNU से बेहतर नहीं हैं. बिल्कुल बेहतर हैं. जब हर जगह इलेक्शन हो सकता है तो AMU में छात्र संघ चुनाव क्यों नहीं हो सकता.
छात्राओं ने वॉइस चांसलर पर उठाए सवाल
इस प्रदर्शन में छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. एक छात्राओं ने वाइस चांसलर पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि 17 दिन से एक छात्र भूख हड़ताल पर है लेकिन वीसी ने आकर उनकी हालत नहीं देखी. छात्राओं ने कहा कि हमें यूनियन चाहिए, इलेक्शन चाहिए. जब कोई बात आती है तो पुलिस को बुलाते हैं. फिलहाल छात्रों ने साफ कर दिया है कि जब तक छात्र संघ चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं होता और प्रॉक्टर के रवैये पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका ये धरना प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा.
INDIA अलायंस के लंच से अब सपा गायब! अब तक नहीं पहुंचा कोई सांसद या नेता





















