Rajasthan News: सीएम गहलोत बोले- भारत जोड़ो यात्रा से जुड़ रही देश की जनता, केंद्र सरकार को गलतियों में सुधार की जरूरत
सीएम गहलोत ने कहा कि केंद्र सरकार को समझ जाना चाहिए और अपनी गलतियों को सुधार करना चाहिए. देश के अंदर जो कुछ भी हो रहा है उसको ठीक करना चाहिए.

Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा की तारीफ की है. साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. सीएम ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा बहुत ही कामयाब हो रही है और उसको पूरा देश देख रहा है. यात्रा के माध्यम से बीजेपी के लिए एक मैसेज है. बीजेपी को ये समझ जाना चाहिए कि सड़कों पर पब्लिक क्यों आती है? तब आती है जब उनको लोकतंत्र के अंदर अपनी कुछ बात कहनी होती है. जब आंदोलन खड़ा होता है. चाहे कोई पार्टी करो, लोग इसलिए आएंगे कि हमारी भावना वही है जो ये बोल रहे हैं. ये लोकतंत्र है उसी भावना के आधार पर लोग आ रहे हैं. केंद्र सरकार को समझ जाना चाहिए और अपनी गलतियों को सुधार करना चाहिए. देश के अंदर जो कुछ भी हो रहा है उसको ठीक करना चाहिए.
'सोच समझ के लागू करते हैं योजना'
सीएम गहलोत ने आगे कहा "हमारी सारी योजनाएं बहुत ही शानदार हैं. हम बहुत ही रिलिजियसली सोच-विचार करके, अन्य राज्यों को एग्जामिन करके उसके बाद लागू करते हैं कि हम बेहतर क्या कर सकते हैं. उस रूप में हम राजस्थान में सारी स्कीम्स लागू कर रहे हैं. मेरी जो थीम है वो है सोशल सिक्योरिटी की, भारत सरकार को हम बार-बार कह रहे हैं, पीएम मोदी को कह रहे हैं आप मेरी भावना समझो, आज 21वीं सदी में चल रहे हैं, उसमें हम चाहेंगे कि सोशल सिक्योरिटी हर परिवार को मिले, वो ही परिवार लेगा जिसकी स्थिति खराब है, वरना लेना उचित भी नहीं समझेगा. हम ऐसी-ऐसी स्कीमें लेकर आए हैं जो जनता के लिए जरूरी और फायदेमंद है."
मुख्यमंत्री ने कहा, "भारत सरकार को अहम नहीं रखना चाहिए और प्रधानमंत्री खुद कहते हैं कि सब राज्यों को आपस में सीखना चाहिए एक-दूसरे से, कहते हैं जब हमारी वीसी होती है तब, तो सीखने की बात है. हम भी सीखेंगे भारत सरकार से और सीख भी रहे हैं, उनको सीखना चाहिए राज्यों से, जिस राज्य में अच्छी स्कीम है, उसको उनको अपनाना चाहिए."
'देश में तनाव-हिंसा खत्म हो'
सीए ने कहा, "राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में महंगाई मुद्दा है, बेरोजगारी मुद्दा है, साथ में उद्देश्य है कि जो तनाव का माहौल है देश के अंदर, हिंसा का माहौल है वो नहीं होना चाहिए. आपस में सभी प्रदेश-देशवासी, सभी जाति, सभी धर्म, सभी वर्ग और सभी भाषा बोलने वाले लोग, अगर हम लोग सब प्रेम से, भाईचारे से, सद्भावना से रहेंगे, तो मैं समझता हूं कि ज्यादा बेहतर है क्योंकि हमारा अनेकता में एकता वाला मुल्क है. हम पीएम मोदी से बार-बार कहते हैं कि आप देश के प्रधानमंत्री हैं, आपकी बात का ज्यादा असर होगा. आप अपना उद्बोधन दें देशवासियों को, वो देना आपका कर्त्तव्य बनता है, हम वो कर्त्तव्य याद दिला रहे हैं पीएम मोदी को, आप क्यों नहीं कहते हो कि मैं किसी कीमत पर हिंसा बर्दाश्त नहीं करूंगा देश के अंदर."
ये भी पढ़ें






















