राजस्थान में मां से मिलने की जिद पड़ी भारी, मां की सहेली निकली मासूम की कातिल, गिरफ्तार
Rajasthan News: राजस्थान के चूरू में 12 साल की मासूम की मां के पास जाने की जिद पर सहेली चांदनी ने पीटकर हत्या कर दी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया.

राजस्थान के चूरू में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक 12 साल के मासूम की अपनी मां के पास जाने की जिद ने उसकी जान ले ली. मासूम को मौत के घाट उतारने वाली आरोपी महिला मृतक बच्ची की मां की सहेली है.
DSP दरजाराम ने बताया कि मृतक 12 साल की मासूम की मां और आरोपी महिला चांदनी दोनों सहेली थीं. लक्ष्मी की मां की परिवार की हालत आर्थिक रूप से कमजोर होने पर, मासूम की मां ने मासूम को अपनी सहेली चांदनी को पालने के लिए करीब डेढ़ माह पहले दिया था.
मासूम को पहले लकड़ी से पीटा और फिर लात मारी
3 सितंबर को 12 साल की मासूम अपनी मां के पास जाने की जिद करने लगी और अपनी मां के पास जाने की इसी जिद ने लक्ष्मी की जान ले ली. DSP दरजाराम ने बताया कि 12 साल की मासूम की मौत के बाद उसकी मां ने आरोपी महिला चांदनी के खिलाफ सुजानगढ़ के कोतवाली थाने में हत्या का मामला दर्ज करवाया था.
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू की तो सामने आया कि मासूम के बार-बार घर जाने और मां के पास जाने की जिद करने पर आरोपी महिला चांदनी ने 12 साल की मासूम को पहले लकड़ी से पीटा और फिर लात मारी, जिससे लक्ष्मी के पेट में गहरी चोट लगी और उसकी मृत्यु हो गई.
आरोपी महिला फरार होने की फिराक में थी
DSP दरजाराम ने बताया कि आरोपी महिला बस पकड़कर सुजानगढ़ से फरार होने की फिराक में थी, कि तभी उसे दर्ज मामले में पुलिस ने गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायालय में पेश किया.
बता दें, एक अन्य मामले में राजस्थान के डूंगरपुर जिले के निठाउवा थाना क्षेत्र में पांच साल की बच्ची की रेप के बाद हत्या का मामला सामने आया है. बच्ची का शव जंगल में एक एनीकट (एक तरह का बांध) के पास में मिला है.























