Punjab: नेशनल हाईवे पर चल रहे किसानों के धरने में तेज रफ्तार कार घुसी, बाल-बाल बचे अन्नदाता
Punjab Farmer Protest: नेशनल हाईवे से गांव के लिए सही रास्ता नहीं दिए जाने के खिलाफ ग्रामीण धरना दे रहे हैं. इस बीच बुधवार की सुबह करीब 5 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी धरना दे रहे किसानों के बीच घुस गई.

Farmer Protest in Punjab: नेशनल हाईवे पर चल रहे किसानों के धरने में एक बार फिर तेज रफ्तार कार घुस गई. गनीमत ये रही कि किसान इस हादसे में बाल-बाल बच गए. कार इतनी स्पीड से आ रही थी कि प्रदर्शनकारी किसानों की ट्रॉलियों को पलट दिया. घटना बरनाला-मोगा राष्ट्रीय राजमार्ग (Barnala-Moga National Highway) पर चीमा गांव (Chima Village) के पास बस अड्डे के पास हुई..
प्रदर्शनकारियों व पुलिसकर्मियों में कहासुनी
दरअसल, नेशनल हाईवे से गांव के लिए सही रास्ता नहीं दिए जाने के खिलाफ ग्रामीण सात दिनों से धरना दे रहे हैं. इस बीच बुधवार की सुबह करीब 5 बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी धरना दे रहे किसानों के बीच घुस गई. यह हादसा ऐसे वक्त में हुआ है, जब धरने के एक किलोमीटर पीछे पुलिस बेरिकेड्स लगे हुए हैं. हालांकि घटना के वक्त यहां पर कोई भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था और बेरिकेड्स भी खुले हुए थे. प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को प्रशासन की लापरवाही करार दिया है. वहीं, घटना के बाद वाहन चालक, प्रदर्शनकारियों और पुलिसकर्मियों के बीच काफी कहासुनी होती रही.
किसानों ने बताया प्रशासन की लापरवाही
मौके पर मौजूद प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उनके गांव को गलत तरीके से नेशनल हाईवे से रास्ता दिया गया है. इसकी वजह से सड़क हादसों में कई कीमती जानें जा चुकी हैं. इसलिए ग्रामीण इस रास्ते का हल निकलवाने के लिए सड़क पर धरना देकर संघर्ष कर रहे हैं. इसी बीच बुधवार की सुबह करीब पांच बजे एक स्कॉर्पियो गाड़ी धरने में घुस गई. हालांकि, धरने पर बैठे किसान बाल-बाल बच गए, क्योंकि वाहन धरने के सामने खड़ी ट्रॉली से टकरा गई. उन्होंने कहा कि वाहन की गति इतनी तेज थी कि इस टक्कर से ट्रॉलियां पलट गई. इसके साथ ही इन लोगों ने कि यह हादसा प्रशासन की लापरवाही के कारण हुआ है. धरने की जगह के पीछे बेरिकेड्स पर कोई पुलिसकर्मी तैनात नहीं होने के कारण वाहन धरने की ओर आ गया.
मामले की जांच में जुटी पुलिस
वहीं, जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गांव चीमा के लोग सड़क के एक तरफ प्रदर्शन कर रहे हैं. इस बीच बुधवार की सुबह एक कार चालक ने काफी तेज गति से प्रदर्शनकारियों को टक्कर मार दी. मामले की जांच की जा रही है.






















