शरद पवार फिर अस्पताल में भर्ती, आज ही हुए थे डिस्चार्ज
एनसीपी (SP) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार की तबीयत फिर से बिगड़ गई है. उन्हें अब मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. आज ही उन्हें पुणे के अस्पताल से छुट्टी मिली थी.

एनसीपी (एसपी) प्रमुख और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद पवार को फिर अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्हें अब मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट कराया गया है, यहां उनकी आगे की जांच होगी. इसकी जानकारी उनकी बेटी और बारामती से लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के जरिए दी.
लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने शरद पवार की तबीयत को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ''हम बाबा को आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करा रहे हैं. आप सभी की चिंता और शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.''
We are admitting Baba to Breach Candy Hospital for further tests. Thank you all for your concern and good wishes. 🙏
— Supriya Sule (@supriya_sule) November 4, 2026
रूबी हॉल क्लिनिक से हुए थे डिस्चार्ज
इससे पहले शरद पवार को खांसी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद 2 नवंबर को पुणे के ‘रूबी हॉल क्लिनिक’ में भर्ती कराया गया था. यहां से उन्हें आज (04 नवंबर) ही छुट्टी मिली थी. रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती होने के बाद पवार की बेटी और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले ने इससे पहले कहा था कि उनके पिता की मेडिकल जांच की जा रही है. उनकी सेहत से जुड़े सभी मानक स्थिर हैं.
वहीं रूबी हॉल क्लिनिक के मुख्य कार्डियोलॉजिस्ट और चेयरमैन डॉ. परवेज के. ग्रांट ने जानकारी देते हुए बताया था कि पवार को सीने में दर्द की शिकायत के बाद सामान्य जांच और मेडिकल निगरानी के लिए भर्ती कराया गया था.
PM मोदी ने शरद पवार को फोन कर जाना हालचाल
NCP (SP) अध्यक्ष शरद पवार को बुधवार (04 नवंबर) को रूबी हॉल क्लिनिक अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने फोन पर उनसे बातचीत की थी और उनका कुशलक्षेम जाना था. पवार के सहयोगी विट्ठल मनियार ने बताया कि प्रधानमंत्री ने पवार को आराम करने की सलाह दी है. इस पर शरद पवार ने पीएम का आभार जताया.
NCP में अंदरूनी कलह! सुनील तटकरे और प्रफुल्ल पटेल के पदों पर असमंजस बरकरार





















