चलती ट्रेन की पैंट्री कार में वेंडर ने 21 साल की युवती के साथ किया रेप, झांसी रेलवे स्टेशन पर किया गया गिरफ्तार
बेंगलुरु से दिल्ली जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन की पैंट्री कार में एक महिला से रेप का मामला सामने आया है. घटना के बाद पीड़िता बदहवास हालत में भोपाल स्टेशन पर उतरी और जीआरपी को आपबीती बताई है.

मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में शुक्रवार रात को इटारसी रेलवे स्टेशन (Itarsi Railway Station) के पास चलती ट्रेन की पैंट्री कार में एक वेंडर द्वारा 21 वर्षीय महिला यात्री के साथ कथित तौर पर रेप (Rape) का मामला सामने आया है. शासकीय रेलवे पुलिस (GRP), भोपाल (Bhopal) के पुलिस अधीक्षक (SP) हितेश चौधरी ने बताया कि कथित घटना शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को यशवंतपुर (Bangalore) से हजरत निजामुद्दीन (Delhi) जा रही संपर्क क्रांति ट्रेन (Sampark Kranti Train) की पैंट्री कार में हुई जिसके बाद संदिग्ध आरोपी को झांसी रेलवे स्टेशन (Jhansi Railway Station) पर पकड़ा गया.
वेंडर ने किया था दुष्कर्म
अधिकारी ने बताया कि पीड़िता भुसावल (Maharashtra) से अनाधिकृत यात्री के रूप में ट्रेन के एसी कोच में सवार हुई थी और रेलवे के एक कर्मचारी ने उसे जनरल कोच में जाने के लिए कहा था. पुलिस अधीक्षक के अनुसार हालांकि वह जनरल कोच में जाने के बजाय पैंट्री कार में चली गई जहां एक वेंडर ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया.
पीड़िता ने भोपाल स्टेशन पर उतरकर बताया आपबीती
हितेश चौधरी ने बताया कि घटना के बाद पीड़िता बदहवास हालत में भोपाल स्टेशन पर उतरी और जीआरपी को आपबीती बताई. उनके अनुसार आधे घंटे तक भोपाल में रुकने के बाद ट्रेन आगे के लिए रवाना हो गई जबकि पुलिस ने कुछ वेंडरों को पूछताछ के लिए भोपाल में ही उतार लिया. मानसिक तौर पर परेशान पीड़िता द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर शनिवार सुबह को झांसी में एक संदिग्ध व्यक्ति को इसी से ट्रेन से पकड़ा गया. भादंसं की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस उसकी जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें-























