MP Politics: दूसरे दलों के कार्यकर्ताओं को ऐसे लुभाएगी BJP, सीएम शिवराज खुद करेंगे अभियान की शुरुआत
MP News: BJP बूथ विस्तार 2.0 अभियान में CM शिवराज सिंह चौहान दोपहर 2.30 बजे भोपाल उत्तर विधानसभा के बूथ नं-39 और BJP प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा मध्य विधानसभा के बूथ नंबर 242 से यह अभियान शुरू करेंगे.

Bhopal News: मध्य प्रदेश के विधानसभा चुनाव को देखते हुए सत्ताधारी दल भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इन्हीं तैयारियों के तहत मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी के बूथ विस्तार 2.0 अभियान की शुरुआत हो रही है. इस अभियान के तहत बीजेपी एक साथ 64 हजार बूथों पर दस्तक देगी. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा (VD Sharma) राजधानी भोपाल में अलग-अलग अभियान की शुरुआत करेंगे.
मुख्यमंत्री करेंगे अभियान की शुरुआत
बीजेपी बूथ विस्तार 2.0 अभियान के तहत प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान दोपहर 2.30 बजे भोपाल की उत्तर विधानसभा के बूथ नं-39 से अभियान की शुरुआत करेंगे, जबकि बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा मध्य विधानसभा के बूथ नंबर 242 से अभियान का आगाज करेंगे. बता दें कि भारतीय जनता पार्टी का बूथ विस्तार 2.0 अभियान आज 14 मार्च से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगा.
भारतीय जनता पार्टी ने बूथ विस्तार अभियान 2.0 में चलो बूथ की ओर नारा दिया है. इस अभियान में बीजेपी संगठन को मजबूत करने पर फोकस रहेगा. भारतीय जनता पार्टी के संगठन नेता मप्र के करीब 10 हजार से अधिक शक्ति केंद्रों पर रहकर संगठन को मजबूत करने का काम करेंगे. बूथ विस्तार 2.0 अभियान के तहत बूथ समिति की समीक्षा, गठन सहित पन्ना प्रमुख और पन्ना समिति का गठन किया जाएगा.
दूसरे दलों में लगाएंगे सेंध
बता दें भारतीय जनता पार्टी के बूथ विस्तार 2.0 अभियान का प्रमुख लक्ष्य यह है कि भारतीय जनता पार्टी के सदस्य और कार्यकर्ता अन्य पार्टियों के अच्छे कार्यकर्ताओं का माइंड मेकअप करेंगे.इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ताओं को प्रयास रहेगा कि अन्य दलों के कार्यकर्ताओं और नेताओं को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ा जाए.इसके साथ ही बूथ लेवल वर्कर्स वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने और गलत नामों को कटवाने का काम भी करेंगे.
ये भी पढ़ें
MP: जानलेवा साबित हुआ ‘बुरी नजर से बचाने के लिए’ गले में बंधा काला धागा, 9 साल की बच्ची की मौत






















