Jharkhand: बांग्लादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण को लेकर कांग्रेस पर भड़के चंपाई सोरेन, बोले- 'BJP ही एकमात्र...'
Jharkhand News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में दर्जनों आदिवासियों ने अपने मूल धर्म में वापसी की है. उन्होंने इसे अपने घर वापसी अभियान की जीत बताया.

Jharkhand Politics: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से बीजेपी विधायक चंपाई सोरेन ने बांग्लादेशी घुसपैठ और धर्मांतरण को लेकर चिंता जताई है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने इन समस्याओं को बढ़ावा दिया है. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी ही एकमात्र पार्टी है जो झारखंड और देश को इन चुनौतियों से मुक्त कर सकती है.
साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस को संविधान यात्रा निकालने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है, क्योंकि वह खुद संविधान निर्माता के साथ न्याय नहीं कर पाई. बंगाल और झारखंड में हो रहे तीव्र धर्मांतरण और घुसपैठ को लेकर उन्होंने कहा, "यह स्थिति बेहद गंभीर है लेकिन सरकारें आंखें मूंदे बैठी हैं."
घर वापसी अभियान पर क्या बोले चंपाई सोरेन?
अपने घर वापसी अभियान की सफलता को साझा करते हुए चंपाई सोरेन ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में दर्जनों आदिवासियों ने अपने मूल धर्म में वापसी की है. उन्होंने इसे अपने अभियान की जीत बताया और कहा कि मिशनरियों द्वारा फैलाए जा रहे भ्रमजाल को तोड़ने में वह सफल हो रहे हैं. इस मौके पर उन्होंने यह भी दोहराया कि बीजेपी का उद्देश्य सिर्फ राजनीतिक नहीं, सांस्कृतिक और सामाजिक जागरूकता फैलाना भी है, ताकि आदिवासी समाज को अपनी जड़ों से जोड़ा जा सके.
भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने दिया है धोखा- चंपई सोरेन
सोरेन सरायकेला जिले के आदित्यपुर में आयोजित BJP अनुसूचित जनजाति मोर्चा की ओर से अंबेडकर जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए थे. बाबासाहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात उन्होंने मंच से कांग्रेस, इंडिया गठबंधन और राज्य सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को कांग्रेस ने धोखा दिया था. पार्टी की मूल प्रवृत्ति ही धोखा देने की रही है, चाहे वह अंबेडकर को चुनाव में हराना हो या अलग झारखंड राज्य के गठन का विरोध करना.























