Gujarat Election 2022: गुजरात में 26 और 28 नवंबर को हुंकार भरेंगे कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, यहां करेंगे चुनाव प्रचार
Gujarat Election: गुजरात में 26 और 28 नवंबर को कांग्रेस के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे कई जनसभा और संवाददाता सम्मलेन में हिस्सा लेंगे. गुजरात में दो चरणों में चुनाव है, नतीजे आठ दिसंबर को सामने आएंगे.

Gujarat Assembly Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए 26 और 28 नवंबर को प्रचार करेंगे. खरगे से जुड़े सूत्रों ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष 26 नवंबर को अहमदाबाद में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और इसके अगले दिन संवाददाता सम्मेलन भी कर सकते हैं. खरगे 28 नवंबर को गांधीनगर के निकट एक जनसभा को संबोधित करेंगे. कांग्रेस अध्यक्ष 27 नवंबर को मध्य प्रदेश के इंदौर में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल होंगे और एक सभा को संबोधित करेंगे.
गुजरात में कब होंगे चुनाव?
गुजरात विधानसभा की कुल 182 सीट है जहां दो चरणों में मतदान होगा. पहले चरण में 89 सीट पर एक दिसंबर को जबकि दूसरे चरण में शेष 93 सीट पर पांच दिसंबर को मतदन होगा . राज्य में आठ दिसंबर को मतों की गिनती होगी. उधर, खरगे ने अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार सोमवार को पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की. खरगे से मुलाकात के लिए पार्टी कार्यकर्ता सुबह से ही कतारबद्ध खड़े थे. उन्होंने गत 26 अक्टूबर को कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार संभाला था.
गुजरात में चुनावी बिगुल बज चुका है. गुजरात में तमाम पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. गुजरात में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पीएम मोदी इस वक्त गुजरात में मौजूद हैं और चुनाव प्रचार कर रहे हैं. गुजरात में आम आदमी पार्टी ने भी इस चुनाव को रोचक बना दिया है. गुजरात में इससे पहले विधानसभा का चुनाव कांग्रेस और बीजेपी के बीच लड़ा जाता था. लेकिन इस बार ये मुकाबला त्रिकोणीय हो सकता है. गुजरात में आम आदमी पार्टी भी इस बार सभी सीटों पर चुनाव लड़ रही है. गुजरात में आम आदमी पार्टी ने इशुदान गढ़वी को अपना सीएम उम्मीदवार बनाया है.
ये भी पढ़ें:






















