'शुरुआत आप लोगों ने की..'. खरगे के बाप वाले बयान पर आया कांग्रेस के असम प्रभारी का बयान
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बयान को लेकर बीजेपी आक्रामक है. इस बीच कांग्रेस के असम प्रभारी ने बड़ा बयान दिया है.

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, 25 अक्टूबर को बिहार की राजधानी पटना में थे. उनकी एक जनसभा में एक शख्स ने कहा कि मोदी ही आएंगे. इस पर खरगे ने कहा कि मोदी क्या उसका बाप भी जाएगा. अब इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी आक्रामक है. उधर, कांग्रेस बचाव की मुद्रा में हैं.
कांग्रेस नेता और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इस पूरे मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए कहा 'इसमें अपमानजनक क्या है? भाषण के दौरान कोई चिल्ला रहा था. कौन था वह? यह तो बस बोलने का एक तरीका है. सिर्फ वही नहीं, 'उसका देवता भी जाएगा', 'क्या, उसका बाप भी जाएगा' - ऐसा कहने को अपमान नहीं माना जा सकता.'
कांग्रेस के असम प्रभारी ने कहा 'प्रधानमंत्री खुद लगातार अपमानजनक बातें कर रहे हैं. इसकी शुरुआत तो आप लोगों ने ही की थी. कभी आप 50 करोड़ की गर्लफ्रेंड की बात करते हैं, कभी जर्सी गायों का जिक्र करते हैं, तो कभी मंगलसूत्र छीन लेने की बात करते हैं. ये सब बातें आप ही तो कहते हैं. भारत के इतिहास में आज तक किसी ने वैसी भाषा का इस्तेमाल नहीं किया है, जैसी मोदी जी ने की है. तो, जब वे ऐसी बातें कहते हैं, तब बीजेपी के लोग चुप क्यों रहते हैं?'
क्या है पूरा मामला?
बता दें पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के संबोधन के दौरान हंगामा हो गया. वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जिस पर खड़गे ने जवाब दिया, "मोदी का बाप भी जाएगा."
उधर, बीजेपी सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके दिवंगत पिता के बारे में मल्लिकार्जुन खड़गे का बयान शर्मनाक और अमर्यादित है. यह उनकी बेहद ओछी और नफरत भरी मानसिकता को दिखाता है. वे कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. इससे क्या पता चलता है? जब भी पार्टी को लगातार चुनावी हार का सामना करना पड़ता है, तो वह चुनाव प्रक्रिया, चुनाव कराने वाली संस्थाओं और हमारे संवैधानिक निकायों पर हमला करने लगती है. अब वे इतने हताश हो गए हैं कि भारत के प्रधानमंत्री के बारे में ऐसी बातें कह रहे हैं.






















