छत्तीसगढ़: बीजेपी ने चाय बेचने वाले को बनाया रायगढ़ से मेयर का उम्मीदवार, कौन हैं जीववर्धन चौहान?
Chhattisgarh Urban Body Polls 2025: बीजेपी ने रायगढ़ नगर निगम में मेयर पद के लिए जीववर्धन चौहान को उम्मीदवार बनाया है. चौहान चाय और पान की दुकान चलाते हैं.

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में सत्तारूढ़ बीजेपी ने रविवार (26 जनवरी) को सभी 10 मेयर पदों के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी. महापौर पद के लिए चुनाव अगले महीने राज्य में अन्य निकाय चुनावों के साथ होंगे. इसमें बीजेपी ने रायगढ़ से एक चाय बेचने वाले को अपना उम्मीदवार बनाया है.
रायगढ़ में चाय बेचने वाले जीववर्धन चौहान को रायगढ़ नगर निगम चुनाव में मेयर सीट के लिए बीजेपी उम्मीदवार घोषित किया गया. इसके बाद यहां बीजेपी कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया. जीवर्धन चौहान को कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाई और बधाई दी. रायगढ़ नगर निगम में महापौर पद के लिए मैदान में उतरे जीववर्धन चौहान राज्य बीजेपी की अनुसूचित जाति इकाई के सचिव हैं. वे रायगढ़ में चाय और पान की दुकान चलाते हैं.
#WATCH | Raigarh, Chhattisgarh | A tea vendor, Jeevardhan Chauhan, is declared the BJP candidate for the mayoral seat in the Raigarh Municipal Corporation elections. https://t.co/Q86PtIGr6L pic.twitter.com/gj6KG2liZ4
— ANI (@ANI) January 27, 2025
कौन कहां से है प्रत्याशी?
प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष किरण सिंह देव ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की. उन्होंने बताया कि बीजेपी ने मेयर पद के लिए बीजेपी ने पूर्व सांसद मधुसूदन यादव को राजनांदगांव से, मीनल चौबे को रायपुर से, अलका बाघमार को दुर्ग से, पूजा विधानी को बिलासपुर से, संजय पांडेय को जगदलपुर से और मंजूषा भगत को अंबिकापुर से मैदान में उतारा गया है. वहीं धमतरी में मेयर पद के लिए जगदीश रामू रोहरा, चिरमिरी में रामनरेश राय, कोरबा में संजू देवी राजपूत को पार्टी उम्मीदवार बनाया है.
बता दें कि मधुसूदन यादव राजनांदगांव में पूर्व में पार्षद और महापौर रह चुके हैं. वे 2009 के लोकसभा चुनाव में राजनांदगांव निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुने गए थे. इसके बाद, उन्होंने 2014 के नगरीय निकाय चुनावों में राजनांदगांव महापौर की सीट के लिए चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए. 2018 में वे डोंगरगांव से विधानसभा चुनाव हार गए. रायपुर नगर निगम में मेयर पद के लिए मैदान में उतरी मीनल चौबे नगर निगम में निवर्तमान पार्षद और विपक्ष की नेता हैं.
कब होंगे चुनाव?
दस नगर निगमों, 49 नगर परिषदों और 114 नगर पंचायतों सहित 173 निकायों के चुनाव 11 फरवरी को एक ही चरण में होंगे जबकि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव 17, 20 और 23 फरवरी को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे. 2019-2020 में हुए पिछले शहरी निकाय चुनावों में, राज्य में तत्कालीन सत्तारूढ़ कांग्रेस को सभी 10 नगर निगमों में महापौर पद मिले थे.
ये भी पढ़ें
छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने जारी की नगर निगम, पालिका और पंचायत उम्मीदवारों की लिस्ट, इन्हें मिला टिकट


















