प्रशांत किशोर का JDU को लेकर सनसनीखेज दावा, 'कुछ लोग बीजेपी…'
प्रशांत किशोर ने कहा कि नीतीश कुमार के राजनीतिक पारी के अंत होने के साथ ही जेडीयू का कोई लंबा भविष्य नहीं है. गुरुवार को पीके बिहार के समस्तीपुर पहुंचे थे. यहीं उन्होंने यह बयान दिया है.

जन सुराज के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार की पार्टी जेडीयू को लेकर सनसनीखेज दावा किया है. गुरुवार (05 नवंबर, 2026) को समस्तीपुर में प्रशांत किशोर मीडिया से बात कर रहे थे.
प्रशांत किशोर से सवाल किया गया कि एमएलसी चुनाव के बाद जेडीयू दो गुटों में बंट गई है. इस पर पीके ने कहा, "दो गुट में है कि कितने गुट में है ये तो आप ही बता सकते हैं… लेकिन हम लोगों का पिछले कई महीने से… या ये कहें कि चुनाव के पहले से मेरा और जन सुराज का मानना है कि नीतीश कुमार के राजनीतिक पारी के अंत होने के साथ ही जेडीयू का कोई लंबा भविष्य नहीं है…"
'कुछ लोग बीजेपी में जाएंगे, कुछ लोग जन सुराज'
प्रशांत किशोर ने कहा कि दल के तौर जेडीयू का भविष्य नहीं हो सकता है. जेडीयू की पूरी ताकत नीतीश कुमार थे, उनका व्यक्तित्व था, अब वहां न तो कोई नेता है, न कोई नेतृत्व और न ही कोई नीति है. अभी सत्ता में हैं तो जेडीयू एक दल के तौर पर दिख रहा है, लेकिन धीरे-धीरे खंड-खंड होकर कुछ लोग बीजेपी में जाएंगे, कुछ लोग जन सुराज में आएंगे और कुछ दूसरे दलों में जाएंगे, लेकिन जेडीयू का आने वाले समय में दल के तौर पर भविष्य नहीं है.
यह भी पढ़ें- PM मोदी का बिहार दौरा फिक्स, CM सम्राट ने की बैठक, कुछ होने वाला है बड़ा?
समस्तीपुर में पत्रकारों ने पीके से पूछा कि जिस तरह से एमएलसी चुनाव का रिजल्ट आया, दो निर्दलीय एमएलसी बीजेपी में चले गए, इस पर कहा, "देखिए जो लोग बीजेपी में शामिल हुए हैं उन पर संवैधानिक और न्यायिक स्तर पर जो कुछ भी कार्रवाई होनी है वो होगी… लोग प्रयास कर रहे हैं, लेकिन ये कहीं न कहीं ये बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष की नासमझी और अपरिपक्वता को भी दिखाता है. आप (मीडिया) लोगों को पूछना चाहिए कि जो बीजेपी दुनिया का सबसे बड़ा दल होने का दावा करती है उनको ये नियम नहीं पता था कि कोई निर्दलीय किसी दल की सदस्यता नहीं ले सकता है? …तो कहीं न कहीं ये नासमझी को दिखाता है या अहंकार को दिखाता है कि हम गलत-सही कुछ भी करेंगे हम इससे बच जाएंगे."
दूसरी ओर प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी पर भी तंज कसा. कहा कि समस्तीपुर या अन्य जिलों में जो घटनाएं हो रही हैं वो अपराध है या क्राइम ये विवेचना आप लोग खुद कर लीजिए.
यह भी पढ़ें- Exclusive: आखिर सम्राट चौधरी से क्यों मिले MLC राहुल राज? साफ की पूरी तस्वीर






















