पटना: ड्यूटी से लौटर रही महिला की गोली मारकर हत्या, दामाद पर शक
पटना के एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में गुरूवार शाम एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. महिला काम से वापस घर जा रही थी. परिजनों ने हत्या का शक छोटे दामाद पर जताया है.

बिहार के पटना में गुरूवार देर शाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गयीम, जब एक महिला उर्मिला देवी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी. महिला एक निजी नर्सिंग होम में सफाई का काम करती थी. हत्या के पीछे छोटे दामाद का हाथ बताया जा रहा है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है.
सूचना मिलते ही एसपी सिटी चंद्र प्रकाश फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस को मौके से एक कारतूस मिला है. इसके साथ ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. हत्या को लेकर परिजनों से पूछताछ की जा रही है.
यह भी पढ़ें: बिहार: गाड़ियों की पेंडिंग चालान को लेकर खुशखबरी! सरकार ला रही ये योजना
क्या है पूरा मामला ?
जानकारी के मुताबिक, बिक्रम की रहने वाले 55 वर्षीय उर्मिला देवी खाजपुरा स्थित निजी नर्सिंग होम में सफाई का काम करतीं थीं. गुरूवार को जब वह काम से घर लौट रहीं थीं. इसी दौरान नेहरु रोड पर पिलर संख्या 17 के पास बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी. गोली उनके सिर में लगी और सड़क पर ही गिर पड़ीं. उन्हें एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया,जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक अआरोपी दानापुर की ओर फरार हो गया.
परिवार की एकमात्र सदस्य थीं कमाने वाली उर्मिला
परिजनों के मुताबिक उर्मिला के पति अजय सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं और उनकी चार बेटियां हैं. सभी की शादी हो चुकी है. उर्मिला ही घर की जिम्मेदारी उठा रहीं थीं. जांच में सामने आया है कि सबसे छोटी बेटी का पति मारपीट करता था, जिस कारण वह घर छोड़कर मायके में रह रही थी. दामाद मुकेश कुमार दूसरी शादी करना चाहता था और बेटी को जान से मारने की धमकी देता था.
परिजनों ने शक जताया है कि उर्मिला देवी की हत्या उसी ने की है. उन्होंने मुकेश के पास अवैध हथियार होने की भी बात कही है. वह अपराधी प्रवृत्ति का भी है.
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
पुलिस ने सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है. इसके साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि आरोपी की पहचान की जा रही है. जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: लोकतंत्र की सुखद तस्वीर! BJP प्रत्याशी ने RJD उम्मीदवार को लगाया गले, दी बधाई




















