DMCH में मरीज को जमीन पर घसीटा, VIDEO वायरल होते ही मचा हड़कंप
DMCH में लावारिस मरीज को जमीन पर घसीटने का वीडियो वायरल हुआ है. अधीक्षक ने इस पर शर्मिंदगी जताई है. गार्ड पर कार्रवाई और हेल्थ मैनेजर से स्पष्टीकरण मांगा गया है.

दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) से मानवता को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है. वायरल वीडियो में एक लावारिस मरीज को स्ट्रेचर पर ले जाने के बजाय अस्पताल का गार्ड हाथ पकड़कर जमीन पर घसीटते हुए ले जाता दिखाई दे रहा है. वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया और मामले में कार्रवाई शुरू कर दी गई.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अस्पताल परिसर में एक मरीज जमीन पर पड़ा है और एक गार्ड उसका हाथ पकड़कर उसे खींचते हुए आगे ले जा रहा है. मरीज की हालत बेहद खराब नजर आ रही है. घटना 21 अगस्त की बताई जा रही है. वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल की व्यवस्था और मरीजों के साथ व्यवहार को लेकर सवाल उठने लगे.
यह भी पढ़ें- बिहार में 23 IAS अधिकारियों का तबादला, 12 अफसरों को फील्ड पोस्टिंग
अधीक्षक बोले- ऐसी तस्वीर सामने आने पर शर्मिंदा हूं
अस्पताल अधीक्षक डॉ. जगदीश चंद्र ने घटना की पुष्टि करते हुए इसे बेहद दुखद बताया. उन्होंने कहा, “अस्पताल से ऐसी तस्वीर सामने आने पर मैं शर्मिंदा हूं.” अधीक्षक के मुताबिक मामला सामने आते ही मरीज को तत्काल उचित इलाज उपलब्ध कराया गया. मरीज के पैर में फ्रैक्चर था, जिसका प्लास्टर किया गया है. उसे दवा और भोजन भी उपलब्ध कराया जा रहा है.
नाम-पता नहीं बता पा रहा मरीज
अस्पताल प्रशासन के अनुसार मरीज लावारिस है और फिलहाल अपना नाम-पता बताने की स्थिति में नहीं है. उसकी पहचान कराने के लिए स्थानीय स्तर पर पुलिस की मदद ली जा रही है. मरीज को ऑर्थो विभाग में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. अस्पताल प्रशासन का कहना है कि मरीज की हालत और जरूरत के अनुसार इलाज जारी है.
गार्ड पर कार्रवाई, हेल्थ मैनेजर से जवाब तलब
वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने संबंधित गार्ड की पहचान कर ली है. उसके खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसी को पत्र भेजा गया है. साथ ही पूरे मामले को लेकर हेल्थ मैनेजर से भी स्पष्टीकरण मांगा गया है. अधीक्षक ने साफ किया कि अस्पताल में स्ट्रेचर की कोई कमी नहीं है. उनके मुताबिक गार्ड की लापरवाही और नासमझी के कारण मरीज को इस तरह घसीटकर ले जाया गया, जिससे अस्पताल की छवि खराब हुई.
अस्पताल प्रशासन ने भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को सख्त निर्देश जारी करने की बात कही है. अब देखना होगा कि जांच के बाद संबंधित गार्ड और जिम्मेदार कर्मचारियों पर क्या कार्रवाई होती है.
यह भी पढ़ें- 'वोट की खातिर जिन्ना...', वंदे मातरम् पर गिरिराज सिंह ने कांग्रेस को घेरा






















