बक्सर: कोरोना काल में आर्थिक तंगी से परेशान पति ने उठाया यह कदम, जानकर हो जाएंगे हैरान
बक्सर पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि हर एक पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य उजागर होंगे, आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जाएगी.

बक्सर: जिले में रविवार को एक व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी की गला रेत कर हत्या की फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. बताया जा रहा कि व्यक्ति कोरोना काल में बेरोजगारी की वजह से आर्थिक तंगी से परेशान था, इसलिए उसने ऐसा कदम उठाया है. घटना जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोडरवा गांव की है.
मृतक के बेटे ने बताई यह बात
मिली जानकारी अनुसार 55 वर्षीय ने इस घटना को अंजाम दिया है. घटना के संबंध में तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं. हालांकि मृतक के चौथे बेटे ने बताया कि हम पांच भाई हैं और घटना की मुख्य वजह लॉकडाउन की वजह से बढ़ी बेरोजगारी है. रोज कमाने और खाने वाले हमलोगों को इनदिनों काम नहीं मिल पाने की वजह से हमारे पिता बहुत ही चिंतित रहा करते थे. वहीं खाने-पीने को लेकर काफी दिक्कतें पैदा हो गई थी. इसीलिए उन्होंने यह कदम उठाया.
पीड़ित परिवार को मिलेगी हर संभव मदद
वहीं, घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे एसडीएम दीपक कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. इन्हें राशन मिल रहा था या नहीं इसके समेत अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम के बाद ही कुछ कहा जा सकता है. पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी. फिलहाल मुफस्सिल थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
सबूतों के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
इधर, घटना के संबंध में बक्सर पुलिस अधीक्षक उपेन्द्रनाथ वर्मा ने बताया कि हर एक पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जांच में जो भी तथ्य उजागर होंगे, आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जाएगी.





















