आरा: भूमि विवाद में अपराधियों ने शख्स की गोली मारकर की हत्या
भूमि विवाद में अपराधियों ने घर के बाहर सो रहे शख्स की गोली मारकर हत्या कर दी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

आरा: जिले में शुक्रवार की देर रात हथियारबंद अपराधियों ने गोली मारकर एक शख्स की हत्या कर दी है. मिली जानकारी अनुसार जिले कोईलवर थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में अपराधियों ने बिंदेश्वर सिंह के बेटे पप्पू सिंह उर्फ हरिशंकर सिंह (45) की सोए हुए में हत्या कर दी. मृतक पेशे से एक किसान था. घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि पप्पू सिंह अपने दलान में सो रहे थे. इस दौरान अपराधियों ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी.
इधर, मृतक पप्पू सिंह के भतीजे प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि उसे फोन पर इस बात की सूचना मिली कि किसी ने उसके चाचा की हत्या कर दी है. जब वे लोग घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि घटनास्थल पर डेड बॉडी पड़ी हुई थी. उन्हें सर के पीछले हिस्से में गोली लगी हुई थी, जिसके बाद पुलिस को फोन कर उन्होंने घटना की पूरी जानकारी दी.
प्रकाश कुमार सिंह ने बताया कि लगभग 30 साल से भूमि विवाद चला आ रहा था. इस मामले में अपराधियों ने पहले उनके बड़े बाबा का भी मर्डर कर दिया था. परिजनों की माने तो दुश्मनी के कारण हत्या को अंजाम दिया गया है. पप्पू सिंह की मौत के बाद उनके घर में कोहराम मच गया है.
वहीं घटना के संबंध में कोइलवर थानाध्यक्ष संजय सिन्हा ने बताया कि घटना में पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. सभी बिंदुओं पर जांच जारी है. जल्द ही अपराधियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा. फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए डेड बॉडी को आरा सदर हॉस्पिटल में भेज दिया गया है.























