World Cup 2019: विश्व कप में चार शतक लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बने रोहित शर्मा
World Cup 2019: भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर बल्लेबाज रोहित शर्मा ने बांग्लादेश के खिलाफ 104 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इसके साथ ही रोहित एक विश्व कप में चार शतक लगाने वाले भारत के पहले बल्लेबाज बन गए हैं.

विश्व कप 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ 104 रनों की शतकीय पारी खेलने वाले रोहित शर्मा कहा है कि वह जिस मैच में खेल रहे हैं उसमें बस अच्छा करने की कोशिश करते हैं. मौजूदा विश्व कप में रोहित शर्मा के बल्ले से यह चौथा शतक निकला.
रोहित शर्मा ने श्रीलंका क्रिकेट टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगाकारा के किसी एक विश्व कप में चार शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है.
रोहित को एजबेस्टन क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए इस मैच में शतकीय पारी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.
मैन ऑफ द मैच के बाद रोहित ने कहा, "मुझे लगा कि मैंने सिर्फ आज ही शतक लगाया है. मेरा मंत्र है कि अतीत में जो हो गया सो हो गया. जो बल्लेबाज फॉर्म में हैं उन्हें अंत तक बल्लेबाजी करनी होगी और टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाना होगा. मुझे अब अगले मैच पर ध्यान देने की जरूरत है."
अपने इस शतक के बारे में रोहित ने कहा, "यह अच्छा अहसास है. यह बल्लेबाजी के लिए अच्छी पिच थी. मैंने साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले मैच में जब शतक जमाया था तब मैंने समय लिया था. इंग्लैंड के खिलाफ भी मैंने ऐसा ही किया था. पिच में दोहरी तेजी थी ओर उन्होंने स्थिति का बेहतरीन उपयोग किया."
इसी के साथ रोहित इस विश्व कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं. रोहित के अब 544 रन हो गए हैं


















